न्याय की गुहार : राष्ट्रपति भवन पहुंचा 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण गड़बड़ी का प्रकरण

राष्ट्रपति सचिवालय के संज्ञान के बाद यूपी शासन ने जारी किया कार्रवाई का निर्देश

राष्ट्रपति सचिवालय के 12 अक्टूबर के पत्र पर उत्तर प्रदेश शासन सक्रिय, संयुक्त सचिव ने 13 नवंबर को बेसिक शिक्षा निदेशक को भेजा पत्र

लखनऊ, अमृत विचार : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण विसंगति का मामला अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गया है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की शिकायत पर राष्ट्रपति सचिवालय ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की पहल की है। इसके बाद उत्तर प्रदेश शासन ने भी इस मामले में विभागीय कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

राष्ट्रपति सचिवालय, नई दिल्ली के लोक शिकायत अनुभाग की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को भेजे गए पत्र के संदर्भ में उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव लाल मणि यादव ने 13 नवंबर 2026 को बेसिक शिक्षा निदेशक को पत्र जारी किया है। पत्र में 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी उत्पन्न विसंगतियों के निराकरण के लिए प्राप्त तीन प्रकरणों का उल्लेख करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महानिदेशक स्कूल शिक्षा और सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।

गौरतलब है कि 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति दूर करने और प्रभावित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती में आरक्षण के निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। इस संबंध में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों का अनुपालन करते हुए परिणाम संशोधित करने की मांग की जा रही है।

इस मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में प्रदेशभर में जिलाधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजे गए थे। इन्हीं प्रयासों के क्रम में राष्ट्रपति सचिवालय तक मामला पहुंचा और अब शासन स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

धरने का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति सचिवालय के संज्ञान लेने और शासन की ओर से कार्रवाई के निर्देश जारी होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सकारात्मक पहल करनी चाहिए। उन्होंने निदेशक बेसिक शिक्षा, प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद और महानिदेशक स्कूल शिक्षा से 10 सितंबर को हुई बैठक में लिए गए निर्णयों को भी ध्यान में रखते हुए आयोगों के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि अब शासन को केवल पत्राचार तक सीमित न रहकर आरक्षण विसंगति दूर करने, परिणाम संशोधित करने और प्रभावित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए, ताकि वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

यह भी पढ़ें:-UP Elections 2027: यूपी चुनाव से पहले पोस्टर वार तेज, सपा का ‘बुलडोजर’ पर तंज तो भाजपा ने अखिलेश को घेरा

About The Author: Virendra Pandey

वीरेंद्र कुमार पाण्डेय वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वह AmritVichar.com में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में स्नातकोत्तर तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।
पत्रकारिता और कानून, दोनों विषयों की गहरी समझ के कारण उनकी रिपोर्टिंग सटीक, तथ्यपरक और विश्वसनीय मानी जाती है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अपराध, प्रशासन तथा न्यायालय से जुड़े गंभीर और महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक रिपोर्टिंग की है। AmritVichar.com से पहले वह स्वतंत्र भारत, 4पीएम और ईटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।