कोरोना की रोकथाम के लिए योगी सरकार ने उठाया अब तक का सबसे बड़ा कदम, यहां जानें पूरी बात

लखनऊ। यूपी में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए योगी सरकार लगातार प्रयासरत है। रोज टीम-9 के अफसरों के साथ बैठकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में 30 अप्रैल रात 8 बजे से 4 …

लखनऊ। यूपी में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए योगी सरकार लगातार प्रयासरत है। रोज टीम-9 के अफसरों के साथ बैठकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में 30 अप्रैल रात 8 बजे से 4 मई सुबह 7 बजे तक प्रदेशव्यापी साप्ताहिक बंदी प्रभावी है, इसे दो दिन और विस्तार दिया जा रहा है। अब प्रदेश में 6 मई सुबह 7 बजे तक आंशिक कोरोना कर्फ्यू प्रभावी रहेगा।

इस अवधि में आवश्यक और अनिवार्य सेवाएं सतत जारी रहेगी। दवा, सब्जी की दुकानें, औद्योगिक इकाइयां आदि सतत संचालित होंगी। कहीं भी अनावश्यक भीड़ न लगे। कोविड का वर्तमान स्ट्रेन लगातार रूप बदल रहा है।  यह पहली लहर की तुलना में 30 से 50 गुना अधिक संक्रामक है। कुछ केस में देखा गया है कि कोविड टेस्ट में भी इसकी पुष्टि नहीं हो रही है, जबकि सी टी स्कैन में पता लग रहा कि लंग्स कोविड से प्रभावित है। ऐसे में हमें और सतर्कता के साथ काम करने की जरूरत है।

कोरोना टेस्ट(फोटो: सोशल मीडिया)

कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार ने जारी किए ये खास दिशा-निर्देश

योगी आदित्यनाथ ने निर्देश जारी किया है कि कोविड पर प्रभावी नियंत्रण और आवश्यक रणनीति के लिए राज्य स्तर पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का एक सलाहकार पैनल तैयार किया जाए। यह पैनल राज्य स्तरीय टीम-09 को समय-समय पर आवश्यक परामर्श देगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का परामर्श रणनीति तैयार करने में उपयोगी होगा।

कोविड से संबंधित कार्यों में संलग्न सभी स्वास्थ्यकर्मियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, हाउसकीपिंग स्टाफ, स्वच्छता कर्मी, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आदि की सेवाएं सेवाभाव और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सरकार ऐसे कार्मिकों को प्रोत्साहन स्वरूप अतिरिक्त मानदेय प्रदान करेगी। अस्पतालों में सेवारत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ को कोविड सेवा के दिवसों के लिए वर्तमान वेतन/मानदेय का 25 फीसदी अतिरिक्त देय होगा।

इसी प्रकार अन्य कोरोना वॉरियर्स के लिए भी अतिरिक्त मानदेय प्रदान किया जाएगा। यह अतिरिक्त मानदेय ड्यूटी के उपरांत इनके आइसोलेशन अवधि के लिए भी दिया जाएगा। मेडिकल/नर्सिंग अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की सेवाएं भी कोविड सेवा कार्य में ली जाएंगी, सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मियों, अनुभवी चिकित्सकों, एक्स सर्विस मैन के अनुभवों का भी लाभ लिया जाए, उन्हें भी कोविड कार्य से जोड़ा जाए। सभी को नियमानुसार मानदेय प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में यथाशीघ्र आदेश जारी कर दिया जाए।

कोरोना के मरीज का इलाज करते डॉक्टर(फोटो:सोशल मीडिया)

केजीएमयू में जल्द बढ़ाएं जाएंगे 140 बेड

कोविड संक्रमण की स्थिति को देखते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। मेडिकल एजुकेशन, स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ निजी अस्पतालों को भी कोविड मरीजों के उपचार के लिए क्रियाशील किया गया है। लखनऊ और वाराणसी में डीआरडीओ के सहयोग से सभी सुविधाओं से युक्त नया कोविड अस्पताल भी तैयार जा रहा है। जल्द ही केजीएमयू में 140 बेड और बढ़ जाएंगे। लखनऊ में ही कैंसर हॉस्पिटल में विशेष कोविड डेडिकेटेड सेंटर जल्द क्रियाशील हो जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में बेड बढ़ोतरी की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर होनी चाहिए।

कोरोना टेस्ट(फोटो: सोशल मीडिया)

जनपदों में टीम-09 की तर्ज पर गठित की जाएगी विशेष टीम

राज्य स्तर पर गठित टीम-09 की तर्ज पर जनपदों में भी विशेष टीम गठित करने की आवश्यकता है। सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। राज्य स्तर पर गठित टीम-09 की सभी समितियों की दैनिक गतिविधि की रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। कोविड प्रबंधन को और व्यवस्थित करने के लिए जिलों में सेक्टर प्रणाली को और प्रभावी ढंग से लागू की जाए। सेक्टर मैजिस्ट्रेट क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें। हॉस्पिटल के बाहर भी यह लोग भ्रमण करते रहें, लोगों की मदद करते रहें। हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर सीधी नजर रखें। हर जरूरतमंद को सरकारी नीतियों के अनुरुप सभी जरुरी मदद उपलब्ध कराएं। यह व्यवस्था जनहित में उपयोगी होगी।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).