लखनऊ, अमृत विचार। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल पूजा-पाठ और व्रत का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित इस पर्व की परंपरा रामायण और महाभारत काल से जुड़ी मानी जाती है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्य पुत्र कर्ण नियमित रूप से सूर्यदेव को अर्घ्य देते थे, वहीं द्रौपदी और माता सीता से भी छठ पूजा की कथाएं जुड़ी हुई हैं। इस पर्व को सूर्य षष्ठी व्रत भी कहा जाता है। मान्यता है कि पूरी श्रद्धा और निष्ठा से छठ व्रत करने वालों को सुख, सौभाग्य, समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति होती है।
सूर्योपासना का पर्व है छठ, साल में दो बार होती है पूजा
छठ पर्व का नाम षष्ठी तिथि से जुड़ा है। इसे सूर्य षष्ठी व्रत के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व साल में दो बार मनाया जाता है। पहली बार चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी को चैती छठ और दूसरी बार कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी को कार्तिक छठ के रूप में मनाया जाता है।
इस पर्व में भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर उनकी आराधना की जाती है। व्रती नदी, तालाब या पोखर के किनारे पानी में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। पूजा में गन्ना, मौसमी फल, बांस का डाला और सूप सहित कई पारंपरिक सामग्रियों का इस्तेमाल होता है। पहले छठ का पर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और उत्तर भारत तक सीमित था, लेकिन अब देश के अलग-अलग हिस्सों में भी इसकी लोकप्रियता बढ़ी है।
सूर्य पुत्र कर्ण से जुड़ी है छठ पूजा की शुरुआत की मान्यता
छठ पर्व की शुरुआत को लेकर एक प्रचलित मान्यता महाभारत काल से जुड़ी है। कहा जाता है कि सूर्य पुत्र कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वह प्रतिदिन घंटों कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते और उनकी उपासना करते थे। मान्यता है कि सूर्यदेव की कृपा से ही कर्ण महान योद्धा बने। एक अन्य कथा के अनुसार, जब पांडव जुए में अपना राजपाट हार गए थे, तब द्रौपदी ने छठ व्रत किया था। इस व्रत के प्रभाव से उनकी मनोकामनाएं पूरी हुईं और पांडवों को अपना खोया हुआ राजपाट वापस मिल गया।
माता सीता ने भी छह दिनों तक की थी सूर्यदेव की उपासना
छठ पूजा का संबंध रामायण काल से भी जोड़ा जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, 14 वर्ष का वनवास पूरा कर भगवान राम और माता सीता अयोध्या लौटे थे। रावण वध के पाप से मुक्ति के लिए उन्होंने ऋषि-मुनियों के निर्देश पर राजसूय यज्ञ करने का निर्णय लिया। इसके लिए मुग्दल ऋषि को आमंत्रित किया गया, लेकिन उन्होंने भगवान राम और माता सीता को अपने आश्रम में आने का आदेश दिया।
ऋषि के निर्देश पर दोनों उनके आश्रम पहुंचे। यहां मुग्दल ऋषि ने माता सीता को गंगाजल छिड़ककर पवित्र किया और कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को सूर्यदेव की उपासना करने का विधान बताया।मान्यता है कि माता सीता ने यहां छह दिनों तक रहकर सूर्यदेव की पूजा की थी। बिहार के मुंगेर स्थित सीता चरण को भी इस पौराणिक परंपरा से जोड़कर देखा जाता है।
राजा प्रियव्रत के मृत पुत्र को देवी षष्ठी ने किया था जीवित
छठ व्रत की परंपरा को लेकर एक कथा पुराणों में भी मिलती है। इसके अनुसार, राजा प्रियव्रत की कोई संतान नहीं थी। संतान प्राप्ति के लिए महर्षि कश्यप ने उन्हें पुत्रेष्टि यज्ञ कराने की सलाह दी। यज्ञ के प्रभाव से महारानी ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन वह मृत पैदा हुआ। इस घटना से पूरे राज्य में शोक छा गया। तभी आकाश से एक दिव्य विमान उतरा, जिसमें देवी विराजमान थीं।
उन्होंने अपना परिचय षष्ठी देवी के रूप में दिया और स्वयं को संसार के समस्त बालकों की रक्षिका बताया। मान्यता है कि देवी ने मृत शिशु के शरीर को स्पर्श किया तो वह जीवित हो उठा। इसके बाद राजा प्रियव्रत ने अपने राज्य में षष्ठी देवी की पूजा और इस पर्व को मनाने की परंपरा शुरू की। तभी से संतान की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना के लिए छठी मैया की पूजा की जाने लगी।
कौन हैं छठी मैया, क्यों की जाती है उनकी पूजा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को भगवान सूर्य की बहन माना जाता है। इस पर्व में सूर्यदेव के साथ छठी मैया की भी पूजा होती है। मान्यता है कि छठी मैया बच्चों की रक्षा करती हैं और परिवार को सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं। मार्कण्डेय पुराण में प्रकृति देवी के छह अंशों में विभाजन का उल्लेख मिलता है।
इनके छठे अंश को षष्ठी देवी के रूप में जाना जाता है। इन्हें ब्रह्मा की मानस पुत्री और बालकों की रक्षा करने वाली देवी माना गया है। इसी मान्यता के तहत बच्चे के जन्म के छठे दिन भी षष्ठी देवी की पूजा की जाती है। परिवार के लोग बच्चे के स्वस्थ, दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना करते हैं। नवरात्र की षष्ठी तिथि पर पूजी जाने वाली देवी कात्यायनी को भी इन मान्यताओं से जोड़ा जाता है।
चार दिनों तक चलती है छठ पूजा, जानिए क्या है चारों दिनों का महत्व
छठ महापर्व चार दिनों तक चलता है। प्रत्येक दिन की अपनी अलग धार्मिक और पारंपरिक महत्ता है।
पहला दिन : नहाय-खाय
कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत होती है। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ पूजा की तैयारी करते हैं। घर में सात्विक भोजन बनाया जाता है।
दूसरा दिन : खरना या लोहंडा
कार्तिक शुक्ल पंचमी को खरना मनाया जाता है। व्रती दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। मान्यता है कि खरना पूजन के साथ ही घर में देवी षष्ठी का आगमन होता है।
तीसरा दिन : संध्या अर्घ्य
कार्तिक शुक्ल षष्ठी को व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान सूप और डाले में फल, गन्ना तथा अन्य पूजन सामग्री सजाई जाती है। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
चौथा दिन : सूर्योदय अर्घ्य
कार्तिक शुक्ल सप्तमी की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद व्रती पूजा संपन्न कर पारण करते हैं और चार दिनों तक चलने वाले कठिन व्रत का समापन होता है।
छठ पर्व की सबसे बड़ी खासियत, यहां मिट जाता है अमीर-गरीब का भेद
छठ महापर्व की धार्मिक मान्यताओं के साथ इसका सामाजिक महत्व भी बेहद खास है। यह पर्व समाज में समानता, स्वच्छता, शुद्धता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। इसमें जाति, धर्म, ऊंच-नीच और अमीरी-गरीबी का भेद भुलाकर लोग एक साथ पूजा करते हैं। इस पर्व में अमीर हो या गरीब, सभी मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद तैयार करते हैं। बांस के बने सूप और डाले से ही सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है। गंगा और अन्य नदियों के घाटों पर सभी श्रद्धालु एक समान नजर आते हैं।
छठ का सबसे बड़ा संदेश प्रकृति और जीवन के स्रोत सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है। सूर्यदेव को रोशनी और ऊर्जा का प्रमुख स्रोत माना जाता है। यही वजह है कि इस महापर्व में प्रकृति, स्वच्छता, पवित्रता और सामूहिक सहभागिता को विशेष महत्व दिया जाता है। छठ केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने वाली लोक परंपरा भी है।