अमृत विचार ,लखनऊ: आस्था के महापर्व छठ का आज लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती घाट पर उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही समापन हो गया। इस खास मौके पर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। पर्व के आखिरी दिन सूरज भगवान को अर्घ्य देने के लिए लोग रात 3 बजे से ही घाट पर पहुंचना शुरू हो गए थे।
पिछले 36 घंटों से बिना पानी पिए कठिन व्रत रख रही महिलाओं ने आज जैसे ही सुबह उगते सूरज को देखा, विधि-विधान से पूजा की, अर्घ्य दिया और इसी के साथ अपना व्रत खोला। एक तरफ जहां छठ के पारंपरिक लोकगीतों की मीठी आवाज सुनाई दे रही थी, वहीं दूसरी तरफ चारों ओर किसी बड़े उत्सव जैसा माहौल बना हुआ था।
हर साल रहता है इस पावन दिन का इंतजार
लखनऊ की रहने वाली माधुरी जी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह त्योहार उनके लिए बहुत महत्व रखता है। वह हर साल इसी सच्ची श्रद्धा और भाव से यह पर्व मनाती हैं और पूरे साल इसका बेसब्री से इंतजार करती हैं।
महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी रखा 36 घंटे का कठिन व्रत
बलिया के रहने वाले अर्जुन गुप्ता ने बताया कि इस बार का उनका अनुभव सबसे अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में महिलाओं की मुख्य भूमिका तो रहती ही है, लेकिन घर के सभी सदस्यों की बराबर भागीदारी होती है। पुरुष भी महिलाओं का पूरा साथ निभाते हैं। अर्जुन ने खुद भी 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखा।
लखनऊ में भी दिखा बिहार जैसा उत्साह
आलमबाग से आए दीपक और मेघला मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वे बचपन से ही छठ पूजा को बड़ी धूमधाम से मनाते आ रहे हैं। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि जैसा भव्य और भक्तिमय अनुभव उन्हें बिहार में मिलता था, बिल्कुल वैसा ही माहौल और अपनापन उन्हें आज लखनऊ के घाट पर भी देखने को मिला है।
आस्था ऐसी कि बिना परंपरा के भी घाट पर खींचे चले आए लोग
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि घाट पर केवल वही लोग नहीं आए थे जिनके घर में छठ पूजा होती है, बल्कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी मौजूद थे जिन्होंने इस त्योहार की रौनक देखकर इसे अपना मान लिया है। घाट पर मौजूद रत्ना जी ने बताया कि उनके परिवार में छठ पूजा की परंपरा नहीं है, लेकिन जब से उन्होंने पहली बार इस पर्व की भव्यता देखी, तब से वह हर साल छठी मैया का आशीर्वाद लेने जरूर घाट पर आती हैं।
संझिया घाट पर संध्या अर्घ्य में शामिल हुए मंत्री ए.के. शर्मा और कई गणमान्य लोग
इससे पहले संध्या अर्घ्य के अवसर पर भोजपुरी छठ पूजा समिति द्वारा गोमती तट स्थित संझिया घाट पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा शामिल हुए और सभी के सुख-समृद्धि व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, पूर्व राज्यमंत्री सुधाकर त्रिपाठी, पार्षद नदीम ख़ान, विजय सिंह, उदय प्रताप सिंह, हरिनारायण उपाध्याय, लखन द्विवेदी, सुमित त्रिपाठी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः बेंती श्रीराम कथा : 18 नवंबर को पहुंचेंगे फिल्म हनुमान अंश के नीम करौली शोभिनव, राजा भैया ने किया था आमंत्रित