अमृत विचार खबर असर: कागजों में गायब हुआ नेपालापुर का नजरी नक्शा, 1988-1992 और मौजूदा नक्शे के मिलान में हुआ बड़ा खेल का खुलासा

सदर तहसील क्षेत्र के गाटों में हेरफेर और फर्जीवाड़े को लेकर प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप, कजियारा की जमीनी रस्साकशी और खैराबाद में बिजली विभाग की मनमानी का भी हुआ पर्दाफाश

सीतापुर की सदर तहसील के नेपालापुर क्षेत्र में गाटों और नजरी नक्शे में हेरफेर को लेकर अमृत विचार की खबर के बाद डीएम के निर्देश पर कोतवाली नगर में केस दर्ज कर लिया गया है।

सीतापुर, अमृत विचार: सीतापुर की सदर तहसील के नेपालापुर और खैराबाद इलाके में जमीनों और गाटों के खेल का एक बड़ा मामला सामने आया है। कागजों में हेरफेर कर हरी पट्टी को कंक्रीट की इमारतों में तब्दील करने और गाटों के नंबर बदलकर चकों में फेरबदल करने के इस गंभीर मुद्दे को 'अमृत विचार' ने सिलसिलेवार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी (DM) डॉ. राजा गणपति आर. ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि होने पर डीएम के निर्देश पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

अभिलेखों के मिलान में सामने आया फर्जीवाड़ा

जिलाधिकारी के मुताबिक, मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए अभिलेखागार माल सीतापुर से साल 1988 और 1992 में जारी किए गए पुराने नक्शों का मिलान 3 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए नए नक्शे से कराया गया। इस मिलान में कई गाटों के नक्शों में भारी अंतर और छेड़छाड़ पकड़ी गई, जिससे स्पष्ट हो गया कि कागजों में बड़े पैमाने पर हेरफेर किया गया है। सहायक पुलिस अधीक्षक विनय यादव ने बताया कि इस मामले में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत कोतवाली नगर में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कजियारा का रकबा और खैराबाद में बिजली विभाग का अजब खेल भी चर्चा में

इस बड़ी कार्रवाई के बीच सीतापुर के पुराने शहर के मुख्य चौराहे कजियारा स्थित साढ़े पांच बीघे रकबे का एक अंश भी इन दिनों खासी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस जमीन पर काबिज दावेदार कागजों से लेकर जुबानी जंग लड़ रहे हैं, जिसके चलते पूर्व में कई बार विवाद और बवाल हो चुके हैं। कई पक्षकार कोर्ट भी पहुंचे हैं, और बढ़ते तनाव को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस विवादित गाटा संख्या के अंश को अपने अधिकार में लेने की गुहार लगाई है।

दूसरी ओर, खैराबाद कस्बे में रेलवे स्टेशन के पास एक अन्य मामले ने प्रशासन को चौंका दिया है। जिस प्रॉपर्टी को अतिक्रमण मानकर डीएम डॉ. राजा गणपति आर. के आदेश पर पूर्व में ढहा दिया गया था, वहां बिना जिला प्रशासन को सूचना दिए ही बिजली विभाग के कर्मियों ने चुपचाप ट्यूब लाइटों और तारों का जाल फिर से बिछा दिया। प्रशासनिक कार्रवाई के बीच इस तरह की मनमानी ने महकमे में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। (रिपोर्ट - जीशान कदीर)

यह भी पढ़ें:- 

Sitapur News: सीतापुर की हांफती सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहन, हर सफर पर मंडरा रहा मौत का खतरा

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui