मुरादाबाद : छह साल, पुल बदहाल...उप्र- उत्तराखंड के रिश्तों को जोड़ने वाले पुल का अखिलेश यादव ने किया था लोकार्पण

काॅसमाॅस हास्पिटल के पीछे रामगंगा नदी पर छह साल पहले बना था 638.13 मीटर लंबा पुल

कॉसमॉस हॉस्पिटल के पीछे रामगंगा नदी पर बने पुल की खस्ता हालत।

विनोद श्रीवास्तव, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रिश्तों की गवाह रामगंगा नदी पर बना पुल छह साल में खस्ताहाल हो गया है। इस पुल का निर्माण समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पूरा होने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसका लोकार्पण किया था। 638.13 मीटर लंबे इस पुल की लागत 33.42 करोड़ रुपये आई थी। लेकिन, इससे गुजरने पर लोग आज भी किसी अनहोनी की आशंका से सिहर उठते हैं। 

छह साल, पुल बदहाल

  • उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के व्यवसायिक के साथ निजी संबंधों को भी प्रगाढ़ करता है यह पुल 
  • 33.42 करोड़ से बने पुल का 20 दिसंबर 2016 को अखिलेश यादव ने किया था लोकार्पण

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने मुरादाबाद में रामगंगा नदी पर सलेमसराय इस्लाम नगर डिलारी मार्ग पर समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान पुल का निर्माण 20 दिसंबर 2016 को 33.42 करोड़ रुपये की लागत से कराया था। इस पुल के बन जाने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोकार्पण किया था। इस पुल से दोनों राज्यों के लोगों के बीच व्यक्तिगत और व्यवसायिक रिश्ते प्रगाढ़ करता है। लेकिन, छह साल में इसकी दयनीय हालत लोगों को चिंता में डालती है। इस पुल पर रात में अंधेरा रहने से राहगीरों को अनहोनी की आशंका सताती है। पुल पर कुछ महीनों पहले दरार और ऊपरी हिस्से पर बने गड्ढे से सरिया झांक रही थी, लेकिन इसकी मरम्मत कराई गई। आज भी यह पुल दोनों प्रदेशों के रिश्तों की डोर को मजबूत करने का जरिया है। पुल से करीब एक हजार वाहन रोजाना गुजरते हैं। 

ठाकुरद्वारा से होकर काशीपुर तक जाता है रास्ता
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रिश्तों की डोर इससे जुड़ी है। पुल पार कर ठाकुरद्वारा से होकर यह मार्ग उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के काशीपुर को जोड़ता है। इसके रास्ते न सिर्फ व्यापार को मजबूती मिलती है। बल्कि दोनों राज्यों के लोगों के बीच मांगलिक और निजी रिश्ते को भी यह सेतु जोड़ता है। काशीपुर के बहुत से मरीज इस रास्ते मुरादाबाद में हर दिन बेहतर चिकित्सा सुविधा पाने के लिए आते हैं। सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में काशीपुर और आसपास के लोग इलाज यहां आकर इलाज कराते हैं। 

सेतु निगम का कार्य सेतु बनाकर संबंधित विभाग को हस्तगत कर देना है। यह पुल भी लोकनिर्माण विभाग को बनाकर दे दिया गया था। इसका रखरखाव, जीर्णोद्धार आदि का जिम्मा उसी विभाग का है। -आरके सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, मुरादाबाद

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : यात्रियों को मिली कैशलेस टिकट की सुविधा, नये साल में बनेगा सेल्फी प्वांइट

 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).