पीलीभीत, अमृत विचार : लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाओं ने जलाशयों और घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की।
पीत वस्त्रों में सजी महिलाओं के हाथों में पूजन सामग्री से भरे डाला और सूप थे तो वातावरण छठी मइया के पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हो उठा। नाक से माथे तक सिंदूर लगाए व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
चार दिवसीय छठ महापर्व के तहत शनिवार से शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत रविवार को भी पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ जारी रहा। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां होती रहीं। महिलाओं ने बांस के डाला और सूप को पारंपरिक तरीके से सजाया। इनमें कच्चे सूत की माला, करधनी सहित करीब 52 प्रकार की पूजन सामग्री रखी गई। सजे हुए सूप के अगले हिस्से में मिट्टी का प्रज्ज्वलित दीपक रखा गया।
रविवार को सूर्यास्त से पहले ही बरहा रेलवे क्रॉसिंग स्थित पूजा स्थल और जलाशय पर व्रतधारियों का पहुंचना शुरू हो गया। महिलाएं घरों से पूजा सामग्री लेकर समूहों में घाट की ओर रवाना हुईं। रास्ते भर छठी मइया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देती रही। हे छठी मइया हर लीं बलैया और रिमिक झिमिक बोलेली छठी मइया जैसे लोकगीतों ने पर्व की पारंपरिक छटा को और खास बना दिया।
जलाशय पर पहुंचकर महिलाओं ने पहले वेदी पर पूजा अर्चना की और फिर पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। निर्धारित सूर्यास्त के समय परंपरागत विधि से अर्घ्य देकर महिलाओं ने छठी मइया से परिवार के मंगल की प्रार्थना की। इस दौरान घंटों और शंख की ध्वनि से पूरा पूजा स्थल गूंजता रहा। वहीं रेलवे कॉलोनी के घर रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से जगमगाते नजर आए।
अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं सूप में प्रज्ज्वलित दीपक रखकर घर लौटीं। इस दीपक को सुरक्षित रखते हुए पुनः पूजा स्थल पर रखा गया। सोमवार की भोर में इसी दीपक के साथ उदीयमान सूर्य की आरती उतारी जाएगी। छठ पर्व का अंतिम और महत्वपूर्ण अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
भोर में सूर्य को अर्घ्य देकर खुलेगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ महापर्व का समापन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके लिए व्रतधारी महिलाएं सूर्योदय से पहले ही जलाशयों और घाटों पर पहुंचेंगी। डाला और सूप में पूजन सामग्री सजाकर विधि-विधान से छठी मइया की आराधना की जाएगी। इसके बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख शांति और संतान की मंगलकामना की जाएगी। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे से चल रहे निर्जला व्रत का पारायण होगा। इसे लेकर व्रतधारियों और उनके परिजनों में खासा उत्साह है।
फल, कंद-मूल और पारंपरिक प्रसाद से सजे डाला-सूप
छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले डाला और सूप में पारंपरिक रूप से करीब 52 प्रकार की सामग्री रखी जाती है। इनमें गन्ना, सिंघाड़ा, आंवला, चकोतरा, नारियल, नींबू, अनार, संतरा, केला, सेब, हरी हल्दी, हरी अदरक, इमली, बेर, मूली, शकरकंद, अमरख, अरबी और नीम सहित विभिन्न फल, कंद-मूल और अन्य पूजन सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा कच्चे सूत की माला और करधनी भी रखी जाती है। पूजा के बाद इन्हें प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाता है। पर्व में प्रकृति से प्राप्त फल, सब्जियों और पारंपरिक सामग्रियों का विशेष महत्व है। इन्हीं सामग्रियों से सजे डाला और सूप के साथ व्रती महिलाएं सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की आराधना करती हैं।