रायबरेली। जिले की 32 लाख की आबादी को आवागमन की सुविधा मुहैया कराने के लिए रायबरेली डिपो के पास महज 170 बसों का बेड़ा है। उसमें 70 बसें चुनाव ड्यूटी में गई हुई हैं, जिससे अब निगम के पास 100 बसें ही यात्रियों के लिए बची हैं।
जबकि जिले की आबादी करीब 32 लाख है। इसका सबसे अधिक फायदा डग्गामार वाहन उठा रहे हैं। जिन रूटों पर रोडवेज की बसें उपलब्ध नहीं हैं, वहां उनके बल्ले बल्ले हैं और वे यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। जो धन सरकारी खजाने में जाना चाहिए वह प्राइवेट बस ऑपरेटर और डग्गामार वाहन स्वामियों की जेब में जा रहा है।
स्टेशन के खंडहर हो चुके भवन का निर्माण शुरू
वर्ष 1972 में रायबरेली डिपो के बस स्टेशन का निर्माण हुआ था। 50 साल पहले बना यह भवन कभी भी ढह सकता था। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज अक्षय कुमार की लिखा पढ़ी के बाद निगम मुख्यालय के अफसरों का ध्यान बस स्टेशन के भवन पर गया।
अब मुख्यालय स्तर से ही उसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है। पुराने और जर्जर निर्माण को ढहा कर नया भवन बनाने का काम शुरू हो गया है। अभी पूरा निर्माण होने में करीब 1 वर्ष का समय लगेगा बस स्टेशन परिसर का एक बड़ा हिस्सा मलबे आदि से पटा है। शेष हिस्सा ही बसों के संचालन के लिए उपयोग में आ रहा है अफसरों का मानना है कि भवन का निर्माण पूर्ण होते ही स्थान की समस्या भी दूर हो जाएगी।
परेशानी की वजह बनी हैं डिपो की 47 बसें
डिपो की 47 बसें ऐसी हैं जो विभाग के लिए परेशानी की वजह बनी हुई हैं। कारण यह है कि इन बसों के टेक्नीशियन जिले की वर्कशॉप में उपलब्ध नहीं हैं। किसी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी होने पर इन बसों को रीजनल वर्कशॉप लखनऊ भेजना पड़ता है। वहां जानें और ठीक होकर आने में 4 से 5 दिन का समय लग जाता है। इस दौरान वह बस जिस रूट की होती है वहां परिवहन सेवा बाधित हो जाती है। यह बसें निर्माता कंपनी टाटा की बताई जाती हैं।
बसों की कमी से डिपो को प्रतिदिन पांच लाख का घाटा
रायबरेली’चुनाव ड्यूटी में रोडवेज की बस लगाए जाने से डिपो में बसों की कमी है जिसके चलते करीब पांच लाख रुपए प्रतिदिन का घाटा डिपो को उठाना पड़ रहा है। आम दिनों में यात्रियों से रोडवेज को प्रतिदिन 15 से 17 लाख रुपए की आय होती है वही विधानसभा चुनाव के दौरान रोडवेज को प्रतिदिन 12 से 13 लाख रुपए प्रतिदिन की आय हो पा रही है। चुनाव में दी गई बसे छठे और सातवें चरण का चुनाव संपन्न कराने के बाद ही डिपो में वापस लौटेंगी। तब तक अधिकांश यात्रियों को डग्गामार वाहनों के सहारे रहना होगा।
क्या कहते हैं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक
रायबरेली सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज अक्षय कुमार का कहना है कि उपलब्ध संसाधनों और बसों के द्वारा यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने तथा सुविधापूर्वक उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जल्दी ही सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। स्टेशन भवन का निर्माण शुरू है। निर्माण पूर्ण होते ही व्यवस्थित तरीके से उसे यात्री सुविधाओं से लैस किया जाएगा। चुनाव कार्य में गईं बस से वापस मिलते ही सेवाएं सामान्य हो जाएंगी।
यह भी पढ़ें; बरेली: कॉलेज के आस-पास होते बम धमाके, तो कांप जाते हम लोग, घंटो जगने और कई किलोमीटर पैदल चलने के बाद पहुंचे अपने वतन