Raebareli News: पति के साथ मिलकर प्रेमी को महिला ने घर में दफनाया, दुर्गध के बाद पूरे मामले का खुलासा

रायबरेली में प्रेमी की हत्या: पति के साथ मिलकर महिला ने शव कमरे में दफनाया, बदबू से खुला राज

रायबरेली के डलमऊ में महिला ने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर शव घर के कमरे में दफना दिया। दो दिन बाद बदबू आने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे रजऊ मजरे बेल्हनी गांव में एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया। दो दिन बाद शव से उठी दुर्गंध के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। 

जानकारी के मुताबिक, पूरे रजऊ गांव निवासी रीता की शादी भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे कोर चंदामऊ निवासी रामप्रकाश से हुई थी। पिछले करीब चार साल से रामप्रकाश अपनी पत्नी के साथ उसके मायके में ही रह रहा था। इसी दौरान रीता के संबंध डलमऊ क्षेत्र के पूरे बाबा मजरे कठगर निवासी अमित रैदास से हो गए थे।

विवाद के बाद हत्या का आरोप

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले किसी बात को लेकर पति, पत्नी और अमित के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि पति-पत्नी ने मिलकर अमित की हत्या कर दी। इसके बाद घटना को छिपाने के लिए शव को घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया। हत्या के बाद दोनों सामान्य तरीके से रहने लगे, लेकिन दो दिन बाद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। बदबू फैलने के बाद घटना के सामने आने का डर सताने लगा। इसके बाद महिला ने ग्राम प्रधान को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने कमरे की खुदाई कर निकाला शव

ग्राम प्रधान की सूचना पर डलमऊ पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे की खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामले में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आरोपी पति रामप्रकाश की तलाश की जा रही है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें : 
Unnao News:गौवंशों की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, गोशाला की बदहाली पर लखनऊ के NGO पर FIR 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.