Raebareli News: दीपावली पर पटाखे का धमाका बना आफत! तीन बच्चे झुलसे, दो की हालत गंभीर, लखनऊ रेफर

महराजगंज के जमुरांवा गांव में सोमवार शाम हुआ हादसा, 13 वर्षीय निश्चय का दाहिना हाथ बुरी तरह जख्मी, आयुष और स्वास्तिक को भी आई चोटें, दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया

रायबरेली के महराजगंज स्थित जमुरांवा गांव में पटाखा फोड़ते समय हुए धमाके में तीन बच्चे झुलस गए। निश्चय और आयुष की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया।

महराजगंज (रायबरेली)। दीपावली पर पटाखे जलाने के दौरान हुई एक दुर्घटना में तीन बच्चे झुलसकर घायल हो गए। हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे जमुरांवा गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि बच्चे एक साथ पटाखे फोड़ रहे थे, तभी अचानक एक गोला तेज धमाके के साथ फट गया। इसकी चपेट में आने से तीनों बच्चे घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।

हादसे में स्वास्तिक (13), आयुष सिंह (12) और निश्चय त्रिपाठी (13) घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय निश्चय के हाथ में गोला दागा जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि निश्चय का दाहिना हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। वहीं, आयुष के हाथ और पैर में चोटें आईं, जबकि स्वास्तिक के कान में गंभीर चोट पहुंची।

सीएचसी में कराया गया प्राथमिक उपचार

धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में तीनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक गणनायक पाण्डेय ने बच्चों का प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सक के मुताबिक, निश्चय त्रिपाठी और आयुष सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं, तीसरे बच्चे स्वास्तिक का भी उपचार किया गया।

यह भी पढ़ेंः Raebareli Crime News: रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला दलित युवक का शव, प्रधान समेत 6 पर हत्या की FIR, दहशत में परिवार ने छोड़ा गांव

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.