रामनगर, अमृत विचार : पुलिस ने छोई निवासी विमला देवी हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में तैनात जवान है। एसएसपी नैनीताल ने बताया कि मुख्य आरोपी की योजना विमला देवी के दोनों बेटों की हत्या करने की भी थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण एक और संभावित वारदात टल गई।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के अनुसार, मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटे आरोपी बनाए गए थे और उन्हें जेल भेजा गया था। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसी रंजिश के चलते मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति नाराजगी थी। हत्याकांड को लेकर एसओजी समेत कई पुलिस टीमें गठित की गईं थीं।
पुलिस ने मैनुअल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। फुटेज में तीनों आरोपी महिला को जीवित अवस्था में अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
सेना की राजपूताना राइफल्स का जवान भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित फर्त्याल (32) जो कि भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में जवान है, सैरान (21) और मोहम्मद अब्बूजर (22) शामिल हैं। ये सभी रामनगर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन, लोहे की पान, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें:-उत्तराखंड को सीएम धामी की बड़ी सौगात: कूड़े के ढेर पर हरियाली की दस्तक, 9 निकायों को मिली रजत जयंती पार्को की सौगात