रामपुर: झमाझम बारिश के बीच मतदाताओं में दिखा जोश, 68 प्रतिशत पड़े वोट

रामपुर/स्वार/सैदनगर/टांडा, अमृत विचार। त्रि स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2021 में शनिवार को सुबह 7 बजे झमाझम बारिश के बीच 2 ग्राम प्रधान, 2 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 116 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। सुबह धीमी गति से शुरु हुआ मतदान दिन चढ़ने के साथ तेजी पकड़ता गया। सुबह करीब …

रामपुर/स्वार/सैदनगर/टांडा, अमृत विचार। त्रि स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2021 में शनिवार को सुबह 7 बजे झमाझम बारिश के बीच 2 ग्राम प्रधान, 2 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 116 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। सुबह धीमी गति से शुरु हुआ मतदान दिन चढ़ने के साथ तेजी पकड़ता गया। सुबह करीब 10 बजे बारिश रुकने के बाद बूथों पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं। मतदान करने में महिलाओं में खासा जोश रहा। 50 मतदान स्थलों के 41 मतदान केंद्रों पर 7 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में मतदान हुआ। मतदान के दौरान पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। कुल 68 प्रतिशत मतदान हुआ है।

शनिवार को इन पदों पर हुई चुनाव प्रक्रिया
02 – ग्राम प्रधान।
02 – क्षेत्र पंचायत सदस्य।
116 – ग्राम पंचायत सदस्य।

एडीएम प्रशासन जेपी गुप्ता ने बताया कि त्रि स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2021 शनिवार की सुबह 7 से सायं 6 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से निपट गया। कुल 68 प्रतिशत मतदान हुआ है।

दौकपुरी टांडा में 77 प्रतिशत पड़े वोट
दौकपुरी टांडा में प्रधान के चुनाव को लेकर जमकर वोट डाले गए। शाम तक मतदान केंद्र पर 77 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान केंद्र पर वोट डालने वालों में भारी जोश दिखाई दिया। शाम तक मतदाता लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। फर्जी वोट डालने वालों पर पुलिस के खूब डंडे पड़े।

विकासखंड स्वार के दौकपुरी टांडा में शनिवार को ग्राम प्रधान का चुनाव शांतिपूर्वक निपट गया। अपने अपने प्रत्याशी को लेकर मतदाताओं में काफी जोश देखने को मिला। वोट डालने में गांव की महिलाएं सबसे आगे रही। मतदान केंद्र पर शाम तक वोटरों की लाइन लगी रही। बारिश के बीच भी मतदाता टस से मस नहीं हुए और लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। फर्जी वोट करने वालों पर पुलिस सख्त रही और कई बार जमकर पीटा। शाम तक 3802 लोगों ने अपने मत का उपयोग किया। मतदान केंद्र पर पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने भी दौरा कर जायजा लिया। जबकि एसडीएम स्वार सीओ स्वार मौके पर जाकर पल-पल की जानकारी लेते रहे। थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।

दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर छाया सन्नाटा
टांडा। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के लिए शनिवार को हुए कड़ी सुरक्षा बीच उपचुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। शनिवार को तहसील क्षेत्र के छितरिया, शहपुरा, सिहोरा, पीपली नायक, मझरा बहादुर, रामनगर लतीफपुर, धर्मपुर पश्चिमी, लखमन नगला, धीरज नगर, सहरिया जवाहर, अब्बासनगर, जटपुरा, सीरका, मेवला, लालपुर आदि में उपचुनाव हुए। सुबह सुबह मतदान केंद्रों पर भारी भींड़ रही, लेकिन दोपहर होते ही मतदान केंद्रों पर सन्नाटा छा गया। अपर जिलाधिकारी जगदम्बा प्रसाद व उपजिलाधिकारी निरंकार सिंह ने लालपुर स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया सभी केंद्रों पर मतदान शांति पूर्वक हुआ है।

शांतिपूर्ण निपटा मतदान, प्रशासन ने ली राहत की सांस
स्वार।पंचायत उप चुनाव में आज शनिवार को प्रधान और बीडीसी सहित ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए मतदान शांति पूर्वक ठंग से निपट गया। प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया। मतदाता केंद्र पर सुबह सात बजे मतदान करने के लिए लोग पहुंचना शुरू हो गए। धनौरी मतदान केंद्र पर बीडीसी सीट के लिए लोगों की लम्बी कतार दिखाई दी। बीडीसी के वार्ड नम्बर 142 में कुल मतदाता 1550 में 1103 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। जिसके चलते इस वार्ड में 71 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा 25 ग्राम पंचायतों 353 पंचायत सदस्यों के पद रिक्त थे। नाम वापसी होने के दौरान 82 सीटों पर चुनाव हुआ। बारिश के चलते गर्मी से राहत के चलते मतदाताओं ने वोटिंग में रुचि दिखाई। एसडीएम यमुनाधर चौहान, सीओ धर्म सिंह मार्छाल, कोतवाल रूम सिंह बघेल तथा तहसीलदार आर्ची गुप्ता मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। देर रात तक मतपेटियां ब्लॉक परिसर में बनाये गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दी गईं। स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा तैनात करदी गई।

 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).