संस्थान में कैंसर के उपचार के लिए रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी, कैंसर सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भी उपचार की सुविधा मिलेगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज कराने में मदद मिल सकेगी।
उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. केशव अग्रवाल और प्रति कुलाधिपति डॉ. अशोक अग्रवाल ने वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और विधायक अरविंद सिंह का स्वागत किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा भी मौजूद रहे।
डॉ. केशव अग्रवाल और डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि इंस्टीट्यूट में कैंसर के उपचार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अभी तक शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए बरेली, लखनऊ और दिल्ली जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था। अब जिले में ही उपचार की सुविधा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों का समय और आवागमन की परेशानी कम हो सकेगी।