Chhath Puja 2026: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

भिनगा, इकौना और जमुनहा के घाटों पर जुटे हजारों श्रद्धालु, 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलकर व्रती महिलाओं ने ग्रहण किया प्रसाद

श्रावस्ती में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न हुआ। भिनगा, इकौना और जमुनहा के घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला।

श्रावस्ती, अमृत विचार: लोकआस्था का महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। जिले में सुबह से ही छठ पूजा को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। विभिन्न घाटों और जलाशयों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

सर्वा माई स्थान भिनगा, इकौना के सीताद्वार और जमुनहा स्थित बूढ़ी राप्ती नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

36 घंटे का निर्जला व्रत खोलकर ग्रहण किया प्रसाद

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

नगर पालिका ने कराई साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका भिनगा की ओर से सर्वा माई स्थान परिसर और घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए थे। साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराई गई थी।

नगर पालिका की ईओ डॉ. अनीता शुक्ला ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी टीम तैनात रही। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष इरफान अहमद ने छठ पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया।

यह भी पढ़ेंः Lucknow chath puja 2026 : गोमती घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.