श्रावस्ती, अमृत विचार: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी भिनगा के जवानों ने सड़क हादसे के दौरान तत्परता दिखाते हुए बोलेरो में फंसे दो युवकों की जान बचाई। जवानों के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 12:45 बजे बोलेरो (यूपी 40 एके 0198) अनियंत्रित होकर सीमा पर लगी फेंसिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि फेंसिंग के करीब पांच से छह सीमेंट के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय गश्त कर रहे आरक्षी पाटिल प्रशांत और नारायण मिश्रा ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पानी में फंस गई थी दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो
बोलेरो सवार युवकों की पहचान भिनगा के ग्राम सिसवा गद्दीपुरवा निवासी सुशील कुमार (26) और पिंटू (24) के रूप में हुई। दुर्घटना के बाद बोलेरो पानी में फंस गई थी, जिसे बाद में सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि हादसे में दोनों युवकों को कोई चोट नहीं आई।
इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक इमाम सिद्दीकी और मुख्य आरक्षी राजू कटरेला भी मौजूद रहे। एसएसबी जवानों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की लोगों ने सराहना की। जवानों ने एक बार फिर साबित किया कि वे सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों की मदद के लिए भी तत्पर रहते हैं।