हरियाली से सुधरेगी आबोहवा: सीतापुर में 490 के पार पहुंचा खतरनाक एक्यूआई, आर्मी फार्म में रोपे गए 20 हजार से अधिक पौधे

सीतापुर में खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, एक्यूआई 490 पार, आबोहवा सुधारने के लिए आर्मी फार्म में रोपे गए 20 हजार पौधे, जिला अस्पताल में बढ़े मरीज

सीतापुर का एक्यूआई 490 के पार पहुंच गया है। आबोहवा को दुरुस्त करने के लिए आर्मी फार्म में 20 हजार से अधिक पौधे रोपे गए हैं। प्रदूषण बढ़ने से सांस और हृदय के मरीज बढ़े हैं।

सीतापुर, अमृत विचार:  सीतापुर की आबोहवा को सुधारने के लिए अब सेना के फार्म हाउस की हरियाली बड़ी राहत बनकर उभर रही है। जिले में लगातार बढ़ते प्रदूषण के चलते एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 490 के पार पहुंच गया है, जो कि बेहद गंभीर स्थिति है। इस खतरनाक प्रदूषण से निपटने और हवा को शुद्ध करने के लिए वन विभाग की देखरेख में पिछले छह महीनों के भीतर आर्मी ग्राउंड में 20 हजार से अधिक पौधे रोपे गए हैं, जो अब धीरे-धीरे पेड़ का रूप ले रहे हैं।

नीम, पीपल और बरगद के पौधों से आबोहवा सुधार रहा वन विभाग

बढ़ते प्रदूषण और जहरीली हवा के संकट को देखते हुए वन विभाग ने विशेष पहल की है। डीएफओ नवीन खंडेलवाल के मुताबिक, आर्मी ग्राउंड में लगाए गए इन 20 हजार से अधिक पौधों में नीम, पीपल, बरगद, आम, जामुन और अन्य कई छायादार व फलदार पेड़ शामिल हैं। तेजी से बढ़ रहे ये पौधे न केवल हवा में मौजूद विषैले तत्वों को सोखकर उसे स्वच्छ बना रहे हैं, बल्कि भविष्य में लोगों को शुद्ध ऑक्सीजन और फल भी प्रदान करेंगे।

खैराबाद की मशहूर फलपट्टी के खात्मे से बिगड़े हालत

सीतापुर की हवा रातो-रात खराब नहीं हुई है, बल्कि इसके बिगड़ने में दो दशक से अधिक का समय लगा है। करीब तीन दशक पहले तक खैराबाद की प्रसिद्ध फलपट्टी में पैदा होने वाले आम लंदन, अमेरिका और खाड़ी देशों तक निर्यात किए जाते थे और लोगों की पहली पसंद हुआ करते थे। लेकिन पिछले दो दशकों के भीतर सुनियोजित तरीके से इन आम के बागों को रातो-रात काट दिया गया और वहां कंक्रीट की बड़ी-बड़ी इमारतें और कॉलोनियां बस गईं। समाजसेवी और खैराबाद के बागवान सैयद अमन रजा का कहना है कि इस हरी-भरी फलपट्टी के उजड़ने से जहां एक ओर स्थानीय लोगों के रोजगार पर बड़ा संकट आया, वहीं दूसरी ओर सीतापुर का पर्यावरण संतुलन बिगड़ गया और आबोहवा जहरीली हो गई।

खतरनाक स्तर पर पहुंचा पीएम 2.5 और पीएम 10, मरीजों की संख्या बढ़ी

प्रदूषण के खतरनाक आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में हवा के सबसे सूक्ष्म और घातक कण (पीएम 2.5) की मात्रा 324 से 354 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा धूल के बड़े कणों (पीएम 10) का स्तर भी 388 से 424 के आसपास बना हुआ है, जिससे शहर की आबोहवा बेहद प्रदूषित हो गई है।

इस जहरीली हवा का सीधा असर आम जनमानस के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. इंद्र सिंह के अनुसार, सांस और हृदय के मरीजों के लिए शुद्ध हवा बेहद जरूरी है, लेकिन हवा की गुणवत्ता गिरने से ऐसे रोगियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। पिछले तीन महीनों के भीतर जिला अस्पताल में सांस और हृदय रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अस्पताल में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की मांग को लेकर शासन को पत्र भी भेजा जा चुका है, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके। (रिपोर्ट – जीशान कदीर)

यह भी पढ़ें:-

अमृत विचार खबर असर: कागजों में गायब हुआ नेपालापुर का नजरी नक्शा, 1988-1992 और मौजूदा नक्शे के मिलान में हुआ बड़ा खेल का खुलासा

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui