Sitapur News: सीतापुर की हांफती सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहन, हर सफर पर मंडरा रहा मौत का खतरा

सीतापुर-बरेली और सीतापुर-बहराइच मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, पैचिंग के भरोसे चल रहा मरम्मत का काम; दस माह में 507 हादसे और 527 लोगों की मौत, बदहाल सड़कों से राहगीर परेशान

सीतापुर-बरेली और सीतापुर-बहराइच मार्ग पर गड्ढों से सफर खतरनाक हो गया है। वर्ष 2026 के दस महीनों में 507 सड़क हादसों में 527 लोगों की मौत हुई। पैचिंग के भरोसे सड़क मरम्मत पर उठे सवाल।

सीतापुर, अमृत विचार : सीतापुर जनपद लखनऊ-दिल्ली सहित अन्य प्रमुख स्थानों को मार्गों से जोड़ता है। लखनऊ सीमा से शुरू हाईवे अंतिम छोर तक पैचिंग से भरा है। यहीं हालत सीतापुर-बहराइच मार्ग की है, ऐसे में जनपद में हादसे बढ़ चले हैं।

बीते दिन महोली तहसील क्षेत्र के कुल्हाघाट पुल के नजदीक ट्राली पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई थी, एक दिन से अधिक घायल हुए थे, बताते हैं कि ट्रक की टक्कर से वाहन कट्स के कारण अनियंत्रित हो गए थे। यहीं स्थिति कई अन्य बड़े हादसों में हुई। आंकड़ों पर गौर करें तो अकेले दस माह में हादसों की चपेट में 496 लोग आ गए। जिसमें से कई का इलाज अभी भी चल रहा है। सहायक पुलिस अधीक्षक विनय यादव का कहना है कि कई बार दुर्घटनाओं की वजह अधिक स्पीड भी रही है, ऐसे में लगातार वाहनों के चालान कर लोगों में जागरूकता भी पैदा की जा रही है।

हाईवे पर पैचों के सहारे भरे जा रहे गड्ढे बन सकते हैं जानलेवा

सीतापुर – बरेली हाईवे पर पड़ोसी जनपद लखीमपुर खीरी सीमा से जुड़े जनपद के आखिरी गांव लिधियाई पौधशाला के सामने रविवार को पैचिंग का कार्य होता दिखा। पड़ोसी जनपद खीरी के मैंगलगंज निवासी किसान अर्पित मिश्रा का कहना है कि अक्सर खाद-बीज लेने के लिए पड़ोसी जनपद की सीमा पार करनी होती है, ऐसे में गड्ढों के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं। मैंगलगंज निवासी व्यापारी आलोक शुक्ला बताते हैं कि सामान की खरीद को लेकर महोली-सीतापुर जाना होता है, कई बार हाईवे के गड्ढे वाहनों की दशा को खराब कर चुके हैं। सीतापुर के नेरी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता अमित मिश्रा बताते हैं कि सीमा के करीब बड़ी बाजार लगती है। ऐसे में सड़क के टूटे किनारों से हादसों का भय बना रहता है। अमिरता निवासी अनुज मिश्रा का मानना है कि हाईवे पर इस तरह की पैचिंग से हादसों का खतरा बना रहता है, शिकायतों के बावजूद स्थितियां जस की तस हैं।

जहांगीर से रेउसा तक गड्ढे ही गड्ढे

सीतापुर से बहाराइच जाने वाले मार्ग पर गड्ढों की भरमार है। जहांगीराबाद कस्बे में कई गड्ढे हैं। रसूलपुर के पड़ोस में सड़क उधड़ी हुई है। यहां कई बार लोग गिरकर चोटिल हो चुके है। रेउसा कस्बे के अटल चौक के नजदीक राह  गड्ढों भरी है, बइराइच मार्ग पर बीआरसी के पास के गड्ढों में कई चोटिल हो चुके हैं। मोगलनपुरवा-भरथा के बीच और तेलिया से मारूबेहड़ की भी स्थिति हाईवे जैसी नहीं है। चहलारी पुल से ठीक पहले रास्ता बेहद खराब है।

आंकड़ों के आधार पर हुई पुलिस कार्रवाई

वर्ष 2025 की बात करें, सबसे अधिक 20405 चालान बिना हेल्मेट के हुए, इसका दो करोड़ चार लाख था। बिना वैद्य ड्राइविंग लाइसेंस 3103 चालान हुए, इन पर 77.57  लाख जुर्माना लगाया गया। बिना रिफलेक्टर टेप वाहनों की संख्या 6198 रही। इन पर 30.99 लाख जुर्माना लगाया गया। वहीं 2026 में 62,875 चालान हुए, जिसमें 4, 271 ने जुर्माना अदा किया है। जबकि लंबित चालान की संख्या 58604 है। कुल 10 माह में 61 लाख 7 हजार 820 रुपये सरकारी कोष में जमा हुए।

जनपद की मुख्य राहों पर दो साल में हुए हादसे
वर्ष   हादसों की संख्या मृत्यु  गंभीर रूप से घायल 
2025 602 647 786
2026 507 527 529

इनपुट - जीशान कदीर

यह भी पढ़ेंः UP PCS Transfer: 55 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, यूपी में विकास प्राधिकरणों से लेकर नगर निगमों तक फेरबदल

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.