लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य की समृद्ध लोक-संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत एवं वीरता की गौरवशाली परंपरा की सराहना की।
आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''अनुपम प्राकृतिक छटा, समृद्ध लोक-संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और वीरता की गौरवशाली परंपरा से देश की सांस्कृतिक चेतना को निरंतर आलोकित करने वाले उत्तराखंड के स्थापना दिवस की समस्त राज्यवासियों को हार्दिक बधाई।''
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में यह राज्य प्रगति के नित नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।'' आदित्यनाथ ने कहा, ''बाबा श्री केदारनाथ जी से प्रार्थना है कि 'देवभूमि' समृद्धि और सुशासन के पथ पर सदैव अग्रसर रहे।'' उत्तराखंड का गठन नौ नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग करके किया गया था। राज्य हर साल नौ नवंबर को अपना स्थापना दिवस मनाता है।