छठ महापर्व का समापन: सुबह चार बजे से ही गंगा तट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सतरंगी आतिशबाजी से जगमगाए घाट

उन्नाव के शुक्लागंज में छठ महापर्व की धूम, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण, आतिशबाजी और छठी मइया के गीतों से गूंज उठे गंगा घाट

उन्नाव और शुक्लागंज में सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो गया। सुबह चार बजे से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

उन्नाव (शुक्लागंज), अमृत विचार: चार दिनों तक चलने वाले लोकआस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही पूरे विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए' जैसे पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुन के बीच तड़के चार बजे से ही नगर के विभिन्न मोहल्लों से व्रती महिलाएं और उनके परिवारजन सिर पर पूजा का डाला और कलश रखकर गंगा तट की ओर रवाना होने लगे थे। घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विधिपूर्वक पूजन सामग्री सजाई और भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा की।

कमर तक गंगा जल में खड़े होकर व्रतियों ने की आराधना, आतिशबाजी से चमके घाट

सोमवार की भोर से ही शुक्लागंज के गंगा तटों का नजारा पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में डूबा नजर आया। घाटों पर बनाई गई वेदियों के पास पूजा के बाद व्रती महिलाओं ने कमर तक पवित्र गंगा जल में खड़े होकर छठी मइया का ध्यान और पूजन-अर्चन किया। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य देव की पहली किरण दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार दूध और जल से अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और संतान की दीर्घायु की कामना की। इस पावन अवसर पर घाटों पर की गई सतरंगी आतिशबाजी और भक्ति संगीत की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिकता और उल्लास से सराबोर कर दिया।

प्रसाद वितरण के साथ खोला व्रत, सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा प्रशासन

अर्घ्य और मुख्य पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद घाट पर ही महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद लिया और व्रत कथा साझा की। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच ठेकुआ व मौसमी फलों का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे ग्रहण कर व्रतियों ने अपने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया।

घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस भव्य आयोजन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे, प्रतिनिधि संदीप पांडे, मैथिल समिति के अध्यक्ष सुनील झा, वीरेंद्र शुक्ला, मुकेश झा, विनय तिवारी, विकास मिश्रा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-
Lucknow chath puja 2026 : गोमती घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui