अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के पुलिस लाइन के पास एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। मृत महिला के घर तड़के हो हल्ला होने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो देखा की वहां झुलसी हुई अवस्था में उसका शव पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस लाइन में चौधरी भवन के पास नीमा भाकुनी (42) पत्नी सुंदर सिंह भाकुनी अपने बेटे सौरभ के साथ किराए पर रहती थी। उसका पति लखनऊ में सेना में कार्यरत है, जबकि बड़ा बेटा गौरव देहरादून से बीटेक कर रहा है। छोटा बेटा सौरभ अल्मोड़ा के आर्मी स्कूल का छात्र है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार की तड़के महिला के घर से चीखने चिल्लाने की आवाज आ रही थी। काफी देर तक शोर कम नहीं हुआ तो लोग उसके घर पहुंचे, वहां देखा तो नीमा भाकुनी का झुलसा हुआ शव पड़ा था।
आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थी और कुछ दिनों पहले वह देहरादून से अपना उपचार करा कर वापस लौटी थी। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। इधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका के परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।