काशीपुर: मॉक ड्रिल - काशीपुर रेलवे स्टेशन पर एक बोगी पटरी से पलटी

दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए रेलवे व एनडीआरएफ ने किया मॉक ड्रिल

काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर रेलवे स्टेशन पर रामनगर से कोलकाता जा रही समर स्पेशल ट्रेन की एक बोगी पटरी से पलट गई। जिससे वहां हड़कंप मच गया। लोगो को बचाने के लिए रेलवे और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। यह कार्रवाई रेलवे व एनडीआरफ की टीम ने दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल कर की।

शुक्रवार को काशीपुर रेलवे स्टेशन पर मॉकड्रिल के तहत पुलिस व एनडीआरफ की टीम को कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि रामनगर से कोलकाता जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन संख्या 0541की एक कोच पटरी से उतरकर पलट गया। सूचना मिलते ही पूरे मंडल मुख्यालय में हड़कंप मच गया।

तत्काल मंडल मुख्यालय से दुर्घटना राहत टीम को रवाना किया गया। इसके बाद सूचना पर एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, मेडिकल, इंजीनियरिंग टीम के साथ रेलवे के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गये। टीम ने वहां पहुंचते ही राहत कार्य शुरू कर दिया। टीम ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेन की बोगी में फंसे यात्रियों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मॉक ड्रिल के दौरान रेलवे स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल रहा और लोगों को यह सब वास्तविक लगा। जबकि टीम दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए अभ्यास कर रही थी।

स्टेशन अधीक्षक रविशंकर सिंह, मंडल के रेलवे अधिकारी राकेश कुमार, राजीव कुमार उपाध्याय ने बताया कि वास्तविक रेल दुर्घटना के समय रेलवे के बचाव एवं राहत दल समय से व सही तरीके से अपना कार्य कर सके, इसके लिए काल्पनिक रेल दुर्घटना बनाकर मॉक ड्रिल किया गया है। जिसमें सभी कार्य समय से सही तरीके से पूर्ण हुए।

एनडीआरएफ के कमांडेंट रवि सिंह बुधानी ने बताया कि ऐसी दुर्घटना से बचने और विपरीत परिस्थितियों में प्रभावी रूप से निपटने के लिए रेलवे के साथ यह अभ्यास किया गया है। जिसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं पाई गई। मौके पर एसडीएम अभय प्रताप सिंह और एसपी काशीपुर अभय सिंह भी मौजूद रहे।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).