रुद्रपुर, अमृत विचार। मौसम खराब होने से सर्दी, जुकाम और बुखर के मरीजों की संख्या एक बार फिर से बढ़ गई। संक्रमण काल के चलते अधिकांश ने घर पर ही इलाज लिया तो वहीं इन बीमारियों से परेशान अस्पताल में भी 50 से ज्यादा मरीज पहुंचे। शुक्रवार को 340 लोगों ने जिला अस्पताल में इलाज कराया।
जिला अस्पताल में शुक्रवार को साढ़े तीन सौ के करीब लोगों ने इलाज के लिए पंजीकरण कराया। इसमें अधिकांश मौसमी बीमारियों से परेशान थे, जबकि हड्डी, इएनटी (आंख, कान, नाक,गला), दंत आदि दिक्कतों से भी पीड़ित थे।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरडी भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को 22 बच्चे अस्पताल आए थे। इन बच्चों में ज्यादातर को जुकाम और खांसी की तकलीफ थी। सर्दी की वजह से कुछ को बुखार भी था। इन्हें ऊनी कपड़ों में रहने और नाक, कान और मुंह को ढककर रखने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि ठंड में सर्द हवाएं चलने से काफी बीमारी का खतरा बना रहता है। इसलिए बड़ों को खुद सावधानी बरतते हुए बच्चों का अधिक ख्याल रखना पड़ेगा। वहीं 60 मरीज फिजिशियन ओपीडी पहुंचे, इनमें 25 मरीज सर्दी-जुकाम व बुखार से पीड़ित थे।
फिजीशियन डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि दो दिन लगातार मौसम खराब रहा है। बारिश के साथ ही सर्द हवाएं भी चली हैं। इस दौरान लापरवाही बरतने और खुले में ज्यादा रहने से बीमारी होने का खतरा बना रहता है। इसी वजह से बुखार, जुकाम और खांसी की तकलीफ बड़ों में भी मिली। उन्हें ठंड से बचने और गर्म पानी पीने की भी सलाह दी गई है।
मौसम और संक्रमण को देखते हुए लोगों को घर में ही इलाज की सुविधा भी दी गई है। इसका असर देखने को मिल रहा है। लोग कॉल कर तकलीफ बता रहे हैं, जिससे उन्हें चिकित्सक घर पर ही चेकअप कर रहे हैं। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या घटने का यह भी एक कारण हैं। लोगों को मौसम और संक्रमण को देखते हुए सतर्कता बरतनी चाहिए। – डॉ. सुनीता रतूड़ी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी