Bank of Baroda: बैंक ऑफ बड़ौदा का मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ तीन प्रतिशत बढ़कर 5,048 करोड़ रुपये पर

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) का पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ तीन प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 5,048 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने मंगलवार को जनवरी-मार्च, 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजों की सूचना शेयर बाजार को दी। एक साल पहले की समान तिमाही में बैंक ने 4,886 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। 

बीओबी ने कहा कि आलोच्य तिमाही में उसकी कुल आय एक साल पहले के 33,775 करोड़ रुपये से बढ़कर 35,852 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान बैंक की ब्याज आय बढ़कर 30,642 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 29,583 करोड़ रुपये थी। हालांकि, तिमाही में शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) घटकर 11,020 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 11,793 करोड़ रुपये थी। 

परिसंपत्ति की गुणवत्ता के मोर्चे पर, बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) कुल कर्ज के 2.26 प्रतिशत पर आ गईं जबकि मार्च, 2024 के अंत में यह 2.92 प्रतिशत थी। इसी तरह, बैंक का शुद्ध एनपीए भी घटकर 0.58 प्रतिशत पर आ गया, जो मार्च, 2024 के अंत में 0.68 प्रतिशत था।

बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात वित्त वर्ष 2024-25 बढ़कर 17.19 प्रतिशत हो गया जो 2023-24 के अंत में 16.31 प्रतिशत था। समूचे वित्त वर्ष (2024-25) के लिए बैंक का शुद्ध लाभ 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 19,581 करोड़ रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2023-24 में 17,789 करोड़ रुपये था। 

पिछले वित्त वर्ष में बैंक की कुल आय बढ़कर 1,38,089 करोड़ रुपये हो गई, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 1,27,101 करोड़ रुपये थी। इस बीच, बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए शेयरधारकों को दो रुपये अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयर पर 8.35 रुपये का लाभांश देने की सिफारिश की है। 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).