मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रस्तावित आईपीओ को लेकर संस्थागत निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। एंकर निवेशकों की ओर से जियो के आईपीओ के लिए करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। यह रकम एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित 8,110 करोड़ रुपये की बुक साइज से 30 गुना से भी अधिक है।
जानकारों के मुताबिक भारतीय आईपीओ बाजार के इतिहास में पहली बार किसी इश्यू के लिए संस्थागत निवेशकों की मांग 2.5 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है।
LIC को मिला सबसे बड़ा आवंटन
जियो प्लेटफॉर्म्स के एंकर बुक में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को सबसे बड़ा करीब 500 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
इसके अलावा ब्लैकरॉक, कैपिटल इंटरनेशनल, फिडेलिटी मैनेजमेंट एंड रिसर्च, GIC, HDFC म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और SBI म्यूचुअल फंड को करीब 425-425 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने की तारीख 19 अक्टूबर तय की गई थी।
21 अक्टूबर को खुलेगा जियो का IPO
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 23 अक्टूबर को कारोबार खत्म होने के साथ बंद हो जाएगा।
कंपनी ने आईपीओ के लिए 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। एंकर बुक में देश और विदेश के कई बड़े संस्थागत निवेशकों ने भाग लिया है।
घरेलू और ग्लोबल दिग्गजों ने लगाया दांव
एंकर निवेशकों में LIC, SBI म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड और निप्पॉन म्यूचुअल फंड जैसे बड़े घरेलू संस्थान शामिल रहे।
वहीं वैश्विक निवेशकों में ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी, श्रोडर्स, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट और एलियांज जैसी कंपनियों ने भी एंकर बुक में हिस्सा लिया।
पेंशन फंड और फैमिली ऑफिस की भी भागीदारी
एंकर बुक में कई बड़े पेंशन फंड और सरकारी निवेश कोष भी शामिल रहे। इनमें GIC, ADIA, QIA और नॉर्गेस जैसे सरकारी कोष के साथ कैलिफोर्निया स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट, फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम, SBI पेंशन, HDFC पेंशन, ICICI पेंशन और UTI पेंशन जैसे फंड शामिल हैं।
जियो के एंकर बुक में 200 से ज्यादा निवेशक संस्थाओं और फंड स्कीमों ने भागीदारी की। ग्लोबल टेक्नोलॉजी स्पेशलिस्ट्स ड्रैगोनियर, जैनस हेंडरसन और नाइंटी वन भी इसमें शामिल रहे।
इसके अलावा एनाम, प्रेमजी और HCL जैसे भारतीय फैमिली ऑफिस ने भी जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में एंकर निवेशक के तौर पर हिस्सा लिया है।