छत्तीसगढ़: एक इनामी नक्सली गिरफ्तार, तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया, वहीं तीन नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में किस्टाराम थाना क्षेत्र के अंतर्गत पालोड़ी गांव के निकट …

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया, वहीं तीन नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में किस्टाराम थाना क्षेत्र के अंतर्गत पालोड़ी गांव के निकट सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को मिलिशिया कमांडर सोड़ी देवा को गिरफ्तार कर लिया।

नक्सली की धर-पकड़ के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि किस्टाराम थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की सूचना पर शुक्रवार को सुरक्षा बलों को गश्त में रवाना किया गया था। दल जब किस्टाराम से पालोड़ी जाने वाले मार्ग पर था तभी एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस दल को देखकर भागने लगा।

बाद में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में संदिग्ध व्यक्ति ने अपना नाम सोड़ी देवा उर्फ प्रकाश बताया। बाद में जब उसके संबंध में नक्सल रिकॉर्ड की जांच की गई तब जानकारी मिली कि सोड़ी देवा नक्सली संगठन में मिलिशिया कमांडर के पद पर कार्य कर रहा है तथा पिछले लगभग 10 वर्षों से संगठन में सक्रिय है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, सड़क निर्माण में लगे कर्मचारी का अपहरण करने और विभिन्न नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में जिले में तीन नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

उन्होंने बताया कि जिले में चलाए जा रहे ‘पूना नर्कोम’ (नई सुबह-नई शुरुआत) अभियान से प्रभावित होकर माड़वी मासा, गोंचे देवा और माड़वी माड़ा ने शुक्रवार को सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले दो नक्सली गादीरास क्षेत्र के तथा एक नक्सली किस्टाराम क्षेत्र का निवासी है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य शासन की पुनर्वास योजना के तहत प्रोत्साहन राशि और अन्य सुविधा प्रदान की जाएगी।

इसे भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ : तालाब में डूबने से दो बालिकाओं की मौत

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).