ट्रंप की रूस को चेतावनी... युद्ध खत्म न हुआ तो यूक्रेन को दी जाएगी टॉमहॉक मिसाइलें

वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को चेतावनी दी है कि यदि वह यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध को जल्द खत्म नहीं करता, तो अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें दे सकता है। रविवार को इजराइल जाते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “अगर यह युद्ध नहीं रुकता, तो मैं यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें भेजूंगा। ये बेहद शक्तिशाली और आक्रामक हथियार हैं।” 

ट्रंप ने यह भी कहा, “अगर युद्ध नहीं रुकता, तो हम ऐसा कर सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि हम ऐसा करें। यह बात सामने रखनी चाहिए।” यह बयान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ उनकी हालिया फोन बातचीत के बाद आया है, जिसमें ट्रंप ने टॉमहॉक मिसाइलों की संभावना का जिक्र किया। उन्होंने इसे “बेहद आक्रामक कदम” बताया। 

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब रूस ने यूक्रेन के बिजली संयंत्रों पर हमले तेज कर दिए हैं, जो सर्दियों से पहले यूक्रेन की ऊर्जा संरचना को निशाना बनाने की रणनीति का हिस्सा हैं। रूस ने अमेरिका द्वारा यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें देने की संभावना पर “गहरी चिंता” जताई है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन पहले कह चुके हैं कि ऐसी मिसाइलों की आपूर्ति मॉस्को-वाशिंगटन संबंधों को गंभीर नुकसान पहुंचाएगी। ट्रंप ने कहा, “अगर पुतिन इस युद्ध को सुलझा लें, तो बेहतर होगा, वरना उनके लिए अच्छा नहीं होगा।”

यह भी पढ़ेंः अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर बरपाया कहर! रातभर चले अभियान में 58 पाकिस्तानी सैनिक ढेर, 25 चौकियों पर कब्जा

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.