नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फिलीपींस की राजधानी मनीला रवाना हो गए। वह फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर इस यात्रा पर जा रहे हैं। रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने का पक्षधर है।
भारत की एक्ट ईस्ट नीति में आसियान की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में कहा कि आसियान देश भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं। भारत के महासागर विजन में भी इन देशों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत संपर्कों पर आधारित हैं। समय के साथ इन रिश्तों का दायरा व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और लोगों के बीच आपसी संबंधों तक विस्तृत हुआ है।
विकास और समृद्धि के साझा लक्ष्यों पर होगा मंथन
पीएम मोदी ने बताया कि मंगलवार को होने वाले आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वह अन्य देशों के नेताओं के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति पर चर्चा करेंगे। इस दौरान विकास, संपर्क और समृद्धि के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
उन्होंने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसमें शामिल नेताओं के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
भारतीय समुदाय से भी मुलाकात की उम्मीद
प्रधानमंत्री ने फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि वहां के भारतीय समुदाय का योगदान भारत और फिलीपींस के बीच दोस्ती के रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम है।
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगी। साथ ही इससे शांतिपूर्ण, समृद्ध और मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए साझा प्रतिबद्धता भी और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ेंः UP PCS Transfer: 55 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, यूपी में विकास प्राधिकरणों से लेकर नगर निगमों तक फेरबदल