नेपाल ने मैत्री पुल पर लगाया नोमेन्स लैंड का बोर्ड, हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य

मोतिहारी। भारत नेपाल सीमा से लगे बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में लालबकेया नदी तटबंध विवाद सुलझाने के प्रयास के बीच नेपाल ने रक्सौल सीमा पर नोमेन्स लैंड का बोर्ड लगा कर एक बार फिर तनाव बढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य …

मोतिहारी। भारत नेपाल सीमा से लगे बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में लालबकेया नदी तटबंध विवाद सुलझाने के प्रयास के बीच नेपाल ने रक्सौल सीमा पर नोमेन्स लैंड का बोर्ड लगा कर एक बार फिर तनाव बढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

एसएसबी की 47वीं बटालियन के उप समादेष्टा मनोज कुमार ने मंगलवार को बताया कि नेपाल की ओर से भारत-नेपाल मैत्री पुल की रेलिंग के पास नोमेन्स लैंड का एक बोर्ड लगा दिया गया था, जिस पर ‘नेपाल सरकार, जिला प्रहरी कार्यालय, पर्सा वीरगंज सीमा क्षेत्र प्रारंभ’ लिखा गया था। उस बोर्ड पर वहां के स्थानीय अधिकारियों का मोबाइल नंबर लिखा गया था। हालांकि एसएसबी और स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद नेपाल ने यह बोर्ड हटा लिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो पाई।

मनोज कुमार ने कहा कि नेपाली पुलिस की मंशा इस बॉर्डर पर तनाव पैदा करने की थी लेकिन जैसे ही यह खबर रक्सौल स्थित भारतीय पदाधिकारियों को मिली हडकंप मच गया और देखते ही देखते रक्सौल के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस बल, एसएसबी के जवान और अधिकारी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और नेपाली अधिकारियों से आपत्ति जताई। भारत के कड़े विरोध के बाद नेपाल के अधिकारियों ने बोर्ड हटा लिए।

वहीं, सीमा पर एसएसबी की विशेष टीम पहुंची है और गश्त कर रही है। मैत्री पुल पर एसएसबी ने संख्या बल बढ़ाते हुए चौकसी तेज कर दी है।

उल्लेखनीय है कि नेपाल के अधिकारियों ने हाल ही में लालबकेया नदी पर गुआबारी तटबंध के 500 मीटर क्षेत्र पर दावा करते हुए तटबंध की मरम्मत का काम रुकवा दिया था। लेकिन, जिलाधिकारी के केंद्रीय गृह मंत्रालय, नेपाल में महावाणिज्य दूतावास और बिहार सरकार को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराने के बाद दोनों देशों के अधिकारियों की हुई बैठक हुई, जिसमें सर्वेक्षण टीम द्वारा सर्वे कर लेने के बाद तटबंध मरम्मत का काम शुरु करने का निर्णय हुआ। दोनों देशों की टीम ने सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया है।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).