तमिलनाडु तट के पास पहुंचा चक्रवाती तूफान ‘बुरेवी’, अमित शाह ने की मुख्यमंत्रियों से बात

चेन्नई। चक्रवाती तूफान बुरेवी त्रिंकोमाली के नजदीक श्रीलंका को पार करने के बाद गुरुवार की सुबह पश्चिम-उत्तर पश्चिम में बढ़ते हुए तमिलनाडु तट के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल के तटों के लिए एक रेड अलर्ट बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बुरेवी ने बुधवार की …

चेन्नई। चक्रवाती तूफान बुरेवी त्रिंकोमाली के नजदीक श्रीलंका को पार करने के बाद गुरुवार की सुबह पश्चिम-उत्तर पश्चिम में बढ़ते हुए तमिलनाडु तट के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल के तटों के लिए एक रेड अलर्ट बुलेटिन जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार बुरेवी ने बुधवार की मध्य रात्रि में त्रिंकोमाली के पास श्रीलंका को पार किया। तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

मौजूदा समय में मुन्नार की खाड़ी से लगभग 40 किलोमीटर पूर्व में, पंबन से 120 किमी पूर्व तथा दक्षिण पूर्व में और कन्याकुमारी से 320 किमी पूर्व तथा पूर्वोत्तर में बना हुआ है। इसके पश्चिम तथा पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ने तथा मुन्नार तट के पास मुन्नार की खाड़ी में प्रवेश करने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर में पंबन के बहुत करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, जो 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। इसके बाद यह पश्चिम तथा दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा तथा दोपहर के बाद पंबन को पार कर जाएगा।

मौसम विभाग ने बताया कि बुरेवी शुक्रवार तड़के पंबन तथा कन्याकुमारी के बीच दक्षिण तमिलनाडु के पार कर जाएगा। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, जो 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान का आज से दक्षिण तमिलनाडु के तटीय जिलों पर असर नजर आयेगा जो रामनाथपुरम से शुरू होकर धीरे-धीरे कन्याकुमारी की ओर बढ़ेगा।

अमित शाह ने तमिलनाडु और केरल के मुख्यमंत्रियों से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार चक्रवात बुरेवी के मद्देनजर तमिलनाडु और केरल के लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गृह मंत्री ने यह आश्वासन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से फोन पर बातचीत के दौरान दिया।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से चक्रवात बुरेवी के मद्देनजर बातचीत की। मोदी सरकार तमिलनाडु और केरल की जनता को हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों ही राज्यों में एनडीआरएफ के कई दलों को तैनात किया जा चुका है।’’

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).