‘ताऊ ते’ बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला, इन राज्यों पर छाए संकट के बादल, अलर्ट जारी

नई दिल्ली। चक्रवात ‘ताऊ ते’ बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है और वह गुजरात तट की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को बताया, “इसके उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 17 (मई) की शाम तक गुजरात तट पर पहुंचने की बहुत संभावना है और यह 18 मई …

नई दिल्ली। चक्रवात ‘ताऊ ते’ बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है और वह गुजरात तट की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को बताया, “इसके उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 17 (मई) की शाम तक गुजरात तट पर पहुंचने की बहुत संभावना है और यह 18 मई को तड़के पोरबंदर और (भावनगर जिले में) महुवा के बीच से राज्य के तट को पार करेगा।” आईएमडी ने कहा कि उसने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के चक्रवात चेतावनी प्रभाग के मुताबिक, 18 मई तक हवा की गति 150-160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ने के आसार हैं जबकि कुछ वक्त के लिए हवा की गति 175 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण महाराष्ट्र-गोवा तथा इससे सटे हुए कर्नाटक के तटों पर हवा की गति 70-80 से लेकर 90 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है और 16 मई को उत्तर महाराष्ट्र के तटों के पास हवा की गति 40-50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

उसने बताया कि वायु की गति महाराष्ट्र के तट पर 17 मई से 18 मई की सुबह तक 65-75 किलोमीटर से लेकर 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। उत्तर पूर्वी अरब सागर और गुजरात तट पर (पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली) तथा अपतटीय इलाकों पर हवा की रफ्तार 150-160 से 175 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है तथा 18 मई को तड़के देवभूमि, द्वारका, जामनगर और भावनगर जिलों में हवा की रफ्तार 120-150 से लेकर 165 किलोमीटर प्रतिघंटे हो सकती है।

आईएमडी ने कहा कि जूनागढ़ में समुद्र में करीब तीन मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं जबकि तूफान के तट के टकराने के दौरान दीव, गिर सोमनाथ, अमरेली, भरूच, भावनगर, अहमदाबाद, आणंद और सूरत में एक-2.5 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं तथा इलाकों में पानी भर सकता है।

केरल के कई बांधों में बढ़ा जलस्तर
चक्रवात तौकते के तबाही मचा कर केरल के तट से दूर जाने के बावजूद राज्य के बांधों में रविवार को जल स्तर में बढ़ोतरी देखी गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तीन जिलों एर्नाकुलम, इडुक्की और मलाप्पुरम के लिए रविवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जिसका मतलब है इन जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य केरल के जिलों में कई बांधों के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश की सूचना है जिस वजह से अधिकारियों ने चेतावनी दी है। त्रिशूर प्रशासन ने कहा कि पेरिंगलकुथु बांध का जल स्तर 419.41 मीटर के पार जाता है तो बांध के शटर उठा दिए जाएंगे। एक बयान में प्रशासन ने चलकुडी नदी के तट पर रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).