दिल्ली। देश के मौसम में अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। एक ओर दिल्ली-एनसीआर में 16 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 12 और 13 नवंबर को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह पूर्वानुमान जारी किया।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का इंतजार रहेगा जारी
आईएमडी के अनुसार, उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर एक ट्रफ भी सक्रिय है। मध्य राजस्थान के आसपास भी एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी गतिविधियों के बावजूद दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में 10 से 16 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। यानी फिलहाल इन इलाकों में बारिश के आसार नहीं हैं।
कश्मीर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 12 और 13 नवंबर को व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा 12, 13, 15 और 16 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हिमाचल और पंजाब में भी बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 16 नवंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। वहीं, 12 और 13 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पंजाब में 12 से 15 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 16 नवंबर को भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को हल्की बारिश के आसार हैं।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बरसेंगे बादल
आईएमडी के मुताबिक, 10 से 14 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 11 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10, 15 और 16 नवंबर को कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
बारिश और तेज हवाओं से बढ़ सकती हैं मुश्किलें
मौसम विभाग ने चेताया है कि भारी बारिश और तेज हवाओं से खड़ी फसलों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है, जबकि निचले इलाकों में जलभराव के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है।
हरियाणा के कई शहरों में प्रदूषण का कहर
एक तरफ मौसम का मिजाज चर्चा में है, तो दूसरी तरफ हरियाणा के कई शहरों में खराब हवा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह नौ बजे कैथल का एक्यूआई 350 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में 321, फरीदाबाद में 307 और बहादुरगढ़ में 304 एक्यूआई रहा। ये सभी शहर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किए गए।
वहीं हिसार में 299, चरखी दादरी में 296, अंबाला में 269, रोहतक में 261, पानीपत में 243, जींद में 217 और भिवानी में 213 एक्यूआई दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना में 281, जालंधर में 261, अमृतसर में 260, खन्ना में 212 और पटियाला में 200 एक्यूआई रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में एक्यूआई 150 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 201 से 300 तक एक्यूआई खराब और 301 से 400 तक बेहद खराब श्रेणी में आता है। ऐसे में हरियाणा के कई शहरों में लोगों को प्रदूषित हवा से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
ये भी पढ़ें :
दिल्ली NCR की हवा हुई जहरीली, आतिशबाजी से AQI 418 : मध्य प्रदेश में तेजी से गिरा तापमान, लखनऊ में सुबह कोहरे जैसी धुंध के बाद खिली धूप