Malabar 2026: समुद्र में भारत समेत क्वाड देशों की संयुक्त ताकत का प्रदर्शन, INS सह्याद्रि ने सैन्य अभ्यासों में दिखाया दम

दिल्ली। समुद्र में सुरक्षा और सामरिक सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं ने मालाबार-2026 के तहत अपनी युद्धक क्षमता का प्रदर्शन किया। इन अभ्यासों में समुद्री क्षेत्र की निगरानी, पनडुब्बी रोधी युद्धक अभियान और तोपों से फायरिंग शामिल रही। इसके अलावा चारों देशों की नौसेनाओं ने आपसी तालमेल और संयुक्त अभियान क्षमता को परखने के लिए कई गतिविधियां भी कीं। 

भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को बताया कि मालाबार-2026 के समुद्री चरण में आईएनएस सह्याद्रि ने जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के युद्धपोतों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य चारों देशों की नौसेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाना और किसी भी संयुक्त समुद्री अभियान को प्रभावी ढंग से अंजाम देने की क्षमता को मजबूत करना था। 

समुद्र में परखी गई युद्धक क्षमता

इस दौरान समुद्री क्षेत्र की निगरानी (मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस), पनडुब्बी रोधी युद्धक अभियान और फायरिंग जैसे परिचालन अभ्यास किए गए। इसके साथ ही जहाज पर चढ़कर तलाशी लेने और संदिग्ध गतिविधियों से निपटने का अभ्यास भी किया गया। समुद्री चरण के दौरान चारों देशों की नौसेनाओं ने आपसी संचालन क्षमता बढ़ाने से जुड़े अभ्यास भी किए। इनमें समुद्र में एक जहाज से दूसरे जहाज को रसद और जरूरी सामान पहुंचाने की प्रक्रिया, एक युद्धपोत से दूसरे युद्धपोत पर हेलीकॉप्टर उतारने और घायलों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास शामिल था। 

एक जहाज से दूसरे तक पहुंचाई रसद, हेलीकॉप्टर लैंडिंग का अभ्यास

इन अभ्यासों का उद्देश्य चारों देशों की नौसेनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और संयुक्त रूप से समुद्री अभियानों को अंजाम देने की क्षमता बढ़ाना था। इनसे अलग-अलग नौसेनाओं के युद्धपोतों और उनके कर्मियों के बीच समन्वय तथा परिचालन प्रक्रियाओं को और मजबूत करने का अवसर मिला। भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की भागीदारी वाला मालाबार-2026 बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास है। इसमें समुद्री सुरक्षा और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न अभियानों के जरिए चारों देशों की नौसेनाएं अपनी क्षमताओं और अनुभवों को साझा कर रही हैं।

दो चरणों में आयोजित हुआ मालाबार-2026

चारों देशों की नौसेनाओं ने इस अभ्यास के दौरान समुद्र में आपसी तालमेल, युद्धक संचालन की क्षमता और साझा रणनीतियों को और मजबूत किया। जापान पहुंचने पर आईएनएस सह्याद्रि का जापान की समुद्री आत्मरक्षा बल ने गर्मजोशी से स्वागत किया था। योकोसुका जिले के कमांडेंट वाइस एडमिरल यागी कोजी और भारतीय मिशन के उप प्रमुख आर. मधु सुदन भी मौजूद रहे थे। ‘मालाबार 2026’ के तहत अभ्यास दो चरणों में आयोजित किया गया है।

जापान पहुंचने पर INS सह्याद्रि का स्वागत

पहले चरण में बंदरगाह पर पेशेवर बातचीत, आपसी अनुभवों का आदान-प्रदान और संयुक्त अभियानों की योजना बनाने जैसी गतिविधियां हुई। इसके बाद समुद्री चरण शुरू हुआ। समुद्री चरण बेहद महत्वपूर्ण रहा। समुद्र में होने वाली गतिविधियों के दौरान चारों देशों की नौसेनाओं को एक-दूसरे के संचालन के तरीकों को समझने और संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता बढ़ाने का अवसर मिला। इसका उद्देश्य आपसी विश्वास मजबूत करना, सैन्य तालमेल बेहतर बनाना और क्षेत्रीय समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाना था।


ये भी पढ़ें : 
इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति जिब्रान ने दिया इस्तीफा : शैक्षणिक योग्यता पर विवाद के बीच 120 सांसदों ने बनाया था दबाव, जानिए क्या है पूरा मामला

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.