Swami Chidanand News: आरती गंगा की हुई, बात यमुना की निकली; छठ पर संतों ने धर ली नई हठ

परमार्थ निकेतन में अयोध्या के संत रामदिनेश आचार्य ने की गंगा आरती, स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा- छठ प्रकृति, संस्कृति और स्वास्थ्य का महापर्व, अब यमुना की बारी

संतों का कहना है कि संस्कृति और प्रकृति जितनी शुद्ध होती हैं, मानव जीवन भी उतना ही शुद्ध, सुंदर और संतुलित बनता है। संस्कृति और प्रकृति हमें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में पवित्रता, करुणा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने की प्रेरणा देती हैं।

लखनऊ, अमृत विचार । मां गंगा के तट पर गंगा आरती का दिव्य आयोजन था, अयोध्या धाम से पहुंचे संत रामदिनेश आचार्य और परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती का सान्निध्य था। लेकिन इस आध्यात्मिक आयोजन में चर्चा केवल गंगा की नहीं हुई,बात यमुना तक पहुंच गई। छठ महापर्व के अवसर पर संतों ने नदियों के संरक्षण का संदेश देते हुए एक नई हठ भी सामने रख दी।  गंगा के तट से आवाज गूंजी- 'अब यमुना जी की बारी है।'देवभूमि उत्तराखंड में गंगा के पावन तट स्थित परमार्थ निकेतन में अयोध्या धाम से पहुंचे संत रामदिनेश आचार्य जी महाराज ने स्वामी चिदानंद सरस्वती के पावन सान्निध्य में दिव्य गंगा आरती की। इस अवसर पर आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। संतों का कहना है कि संस्कृति और प्रकृति जितनी शुद्ध होती हैं, मानव जीवन भी उतना ही शुद्ध, सुंदर और संतुलित बनता है। संस्कृति और प्रकृति हमें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में पवित्रता, करुणा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने की प्रेरणा देती हैं। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना ही वास्तविक आध्यात्मिक उन्नति है। आचार्य रामदिनेश जी महाराज ने परमार्थ निकेतन की आध्यात्मिक ऊर्जा और अलौकिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यह आश्रम भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और मानवता की सेवा का अद्भुत संगम है। 

छठ केवल पूजा नहीं, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व

परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने छठ महापर्व को सनातन परंपरा का अत्यंत पावन पर्व बताते हुए कहा कि यह भगवान सूर्य की उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जीवन के प्रति श्रद्धा का अनुपम उत्सव है। छठ प्रकृति, संस्कृति और स्वास्थ्य को समर्पित जीवनदृष्टि है। इसमें जल, सूर्य, पृथ्वी और प्रकृति के समस्त तत्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें याद दिलाता है कि हमारा जीवन प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है और प्रकृति के संरक्षण में ही मानव जीवन का कल्याण निहित है। छठ महापर्व सूर्यदेव के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ अनुशासन, संयम, तपस्या, श्रद्धा और समर्पण की प्रेरणा भी देता है। व्रतियों की साधना, उनकी निष्ठा और प्रकृति के प्रति अटूट आस्था भारतीय संस्कृति की अद्भुत शक्ति का परिचायक है। यह परिवार, समाज और प्रकृति को एक सूत्र में बांधने वाला दिव्य उत्सव है।

ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में दिव्य गंगा आरती के दौरान संत रामदिनेश आचार्य जी महाराज और स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी; छठ महापर्व की चर्चा के बीच यमुना संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से उभरा।

 

'हरि की कथा, हरित कथा' का दिया संदेश

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि 'हरि की कथा, हरित कथा' अर्थात भगवान की कथा और प्रकृति की कथा एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। ईश्वर की आराधना तभी पूर्ण होती है, जब हम उनकी बनाई हुई सृष्टि का सम्मान करें, उसकी रक्षा करें और उसके प्रति संवेदनशील बनें। हरित जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति के प्रति प्रेम ही आध्यात्मिक जीवन के वास्तविक आधार हैं। इस अवसर पर संत रामदिनेश आचार्य जी महाराज ने भी प्रकृति संरक्षण को मानवता की सेवा से जोड़ते हुए कहा कि प्रकृति की चिंता करना मानवता की चिंता करना है और प्रकृति की सेवा करना मानवता की सेवा करना है। जब हम नदियों को स्वच्छ रखते हैं, वृक्षों का संरक्षण करते हैं, जल की रक्षा करते हैं और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनते हैं, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। प्रकृति के प्रति हमारी संवेदनशीलता ही हमारी संस्कृति की वास्तविक पहचान है।


नदियों की स्वच्छता से ही पूरी होगी आराधना

संतों ने छठ महापर्व के संदेश को प्रकृति और नदियों के संरक्षण से जोड़ते हुए कहा कि सूर्य की उपासना के साथ प्रकृति की रक्षा, संस्कृति का सम्मान, स्वास्थ्य को प्राथमिकता और मानवता की सेवा का संकल्प भी जरूरी है। नदियों को स्वच्छ रखना, जल की रक्षा करना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रतिबद्धता का हिस्सा होना चाहिए।गंगा तट पर हुई इस आध्यात्मिक चर्चा में यमुना के संरक्षण की बात ने भी ध्यान खींचा। छठ के अवसर पर संतों का संदेश साफ था कि गंगा की आरती और सूर्य उपासना के साथ नदियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी पूरी होनी चाहिए। अब यमुना जी की बारी है। यही सनातन धर्म की दिव्यता, आध्यात्मिकता की सार्थकता और सुंदर, स्वच्छ एवं संतुलित विश्व की आधारशिला है।

About The Author: Anuj Sharma

अनुज शर्मा हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 23 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने हिंदुस्तान, अमर उजाला, दैनिक जागरण और प्रभात खबर जैसे देश के प्रमुख समाचार पत्रों में प्रभावशाली रिपोर्टिंग के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। देश के विभिन्न राज्यों में बतौर पत्रकार कार्य करते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर गहन रिपोर्टिंग की है। बिहार विधानमंडल और शासन की रिपोर्टिंग में उन्हें करीब आठ वर्षों का विशेष अनुभव है, जिससे नीति, प्रशासनिक संरचना और विधायी कार्यवाही की उनकी समझ विकसित हुई है। वर्तमान में वे अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल हेड के रूप में कार्यरत हैं, जहाँ वे डिजिटल पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय और प्रभावी समाचार पहुँचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।