शाहाबाद/हरदोई, अमृत विचार। हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र स्थित आगमपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के विज्ञान अध्यापक होरीलाल राजपूत को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए लखनऊ में सम्मानित किया गया। अंबर होटल में आयोजित शिक्षण उन्नयन संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह में उन्हें निपुण भारत कार्यक्रम की प्रगति और विद्यालय में शैक्षिक नवाचार के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान सचिव, शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से दिया गया।
होरीलाल राजपूत राज्य अध्यापक पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं। वह आगमपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में विज्ञान अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं और विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति के साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहते हैं।
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना प्राथमिकता
सम्मान समारोह के बाद होरीलाल राजपूत ने कहा कि उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया जाए और शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जाए। इससे विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने बताया कि वह बच्चों में आत्मबल विकसित करने पर विशेष ध्यान देते हैं, ताकि वे बिना किसी भय के विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लें और सफलता हासिल करें। उनका उद्देश्य है कि विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों से विद्यालय, गुरुजनों, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करें।
यह भी पढ़ें:-PM Modi In Ladakh: लद्दाख को 3,350 करोड़ की सौगात, पीएम मोदी बोले - युवाओं की बेहतर शिक्षा पर हमारा फोकस