लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए लागू उच्च शिक्षा प्रोत्साहन नीति-2024 का असर दिखने लगा है। वर्ष 2017 के मुकाबले प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई है। अब उत्तर प्रदेश में विदेशी विश्वविद्यालय का परिसर स्थापित करने की भी तैयारी है। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस ग्रेटर नोएडा में खोलने का प्रस्ताव है। इससे प्रदेश में उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण और विद्यार्थियों के लिए नए शैक्षणिक अवसरों का रास्ता खुल सकता है।
उच्च शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2017 तक प्रदेश में 26 निजी विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 56 हो गई है। सरकारी विश्वविद्यालयों की संख्या भी 16 से बढ़कर 26 पहुंच गई है। इसमें एक डीम्ड और एक मुक्त विश्वविद्यालय को भी शामिल किया गया है। इस अवधि में महाविद्यालयों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2017 में प्रदेश में 158 राजकीय महाविद्यालय थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 261 हो गई है। वहीं, स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों की संख्या 6,681 से बढ़कर 8,030 पहुंच गई है। सरकार का जोर उन जिलों में उच्च शिक्षा के संस्थानों का विस्तार करने पर भी है, जहां अब तक शैक्षणिक सुविधाएं अपेक्षाकृत कम रही हैं।
पीएम ऊषा से मिले 965 करोड़, 776 शैक्षणिक समझौते
केंद्र सरकार की पीएम ऊषा योजना के तहत उत्तर प्रदेश को 965 करोड़ रुपये का अनुदान मिला है। इस धनराशि से विश्वविद्यालयों में भवन, प्रयोगशालाओं, शोध सुविधाओं और स्मार्ट क्लास जैसी शैक्षणिक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाना है। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ 776 समझौते किए गए हैं। इनके माध्यम से शैक्षणिक सहयोग, शोध और संस्थागत विकास को बढ़ावा देने की योजना है। हालांकि, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की संख्या बढ़ने के साथ उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखना भी बड़ी चुनौती है। निजी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, शोध, पाठ्यक्रमों की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की नियमित निगरानी जरूरी होगी।
ये भी पढ़ें :
Bharat Boudhiks 2.0: विद्यार्थियों को 5 नवंबर तक आवेदन का मौका, 21 नवंबर को परीक्षा; विजेता को मिलेगा 1 लाख का इनाम