Bharat Boudhiks 2.0: विद्यार्थियों को 5 नवंबर तक आवेदन का मौका, 21 नवंबर को परीक्षा; विजेता को मिलेगा 1 लाख का इनाम

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

उच्च शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालयों से विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा

भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित ‘भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026’ के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 नवंबर कर दी गई है। अब तक 1.60 लाख से अधिक विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं। परीक्षा 21 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक ऑफलाइन होगी। इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे।

लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित अखिल भारतीय ‘भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026’ के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर पांच नवंबर कर दी गई है। अब तक प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 1.60 लाख से अधिक विद्यार्थी पंजीकरण करा चुके हैं। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मंगलवार को वर्चुअल समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के अधिकारियों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस राष्ट्रीय परीक्षा से जोड़ने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप यह परीक्षा युवाओं को भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, दर्शन, विज्ञान, कला और बौद्धिक विरासत से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कुलपतियों और प्राचार्यों को प्राध्यापकों तथा नोडल अधिकारियों की टीमें बनाकर कक्षाओं तक पहुंचने और विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

21 नवंबर को होगी दो घंटे की परीक्षा

परीक्षा 21 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक ऑफलाइन आयोजित होगी। इसमें कला, विज्ञान, वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान विषयों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। परीक्षा के निष्पक्ष और गोपनीय संचालन के लिए कुलसचिवों को विश्वविद्यालय स्तरीय नोडल अधिकारी और परीक्षा नियंत्रकों को विश्वविद्यालय स्तरीय परीक्षा नियंत्रक नामित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, सुरक्षित रखरखाव, केंद्रों तक वितरण और उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन की जिम्मेदारी परीक्षा नियंत्रकों को सौंपी गई है।

प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये

परीक्षा के बाद त्रि-स्तरीय पारदर्शी मूल्यांकन होगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले दो विद्यार्थियों को 50-50 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले चार विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 300 विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। परीक्षा का पाठ्यक्रम और दिशा-निर्देश आधिकारिक पोर्टल bharatboudhiks.com पर उपलब्ध हैं।

ये भी पढ़ें : 
UP Board Exam 2027: 5 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं, स्कूलों को निर्देश- रिवर्स टाइम टेबल से समय पर पूरा कराएं पाठ्यक्रम

संबंधित समाचार