गोंडा में पटाखा लाइसेंस सत्यापन के नाम पर रिश्वतखोरी: दो पुलिसकर्मी निलंबित, एसपी ने बैठाई विभागीय जांच, देखें वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन, एएसपी पूर्वी की जांच रिपोर्ट के आधार पर सिपाही अजीत सिंह और महिला आरक्षी सुमन पर गिरी गाज
गोंडा में पटाखा लाइसेंस सत्यापन के नाम पर रिश्वत लेने के वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने सिपाही अजीत सिंह और महिला आरक्षी सुमन को निलंबित कर दिया है।
गोंडा,अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दीपावली के अवसर पर पटाखा बिक्री लाइसेंस सत्यापन के नाम पर अवैध वसूली और रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए गोंडा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने नगर कोतवाली में तैनात एक सिपाही और सीओ सिटी कार्यालय में तैनात एक महिला आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे रिश्वत लेते दो अलग-अलग वीडियो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोंडा शहर में पटाखा दुकानों के लाइसेंस सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा कथित तौर पर रुपये ऐंठने का खेल चल रहा था। इस दौरान रिश्वत लेते हुए दो पुलिसकर्मियों के वीडियो किसी ने चुपके से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गोंडा ने तत्काल जांच के आदेश दिए और पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पूर्वी अजीत कुमार रजक को सौंपी।
एएसपी की जांच रिपोर्ट आते ही एसपी ने की सख्त कार्रवाई
एएसपी पूर्वी अजीत कुमार रजक ने वायरल वीडियो और मामले से जुड़े साक्ष्यों की गहनता से जांच कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी। जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर कोतवाली में तैनात सिपाही अजीत सिंह और सीओ सिटी कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी सुमन को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसके साथ ही दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय जांच (डिपार्टमेंटल इंक्वायरी) के आदेश भी जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें:
