BHAI DOOJ : पीएम मोदी समेत देश के दिग्गज नेताओं ने दी शुभकामनाएं, भाई-बहन के अटूट स्नेह और आत्मीयता का प्रतीक है यह पर्व
रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस और अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को दी पर्व की बधाई
देशभर में भाई दूज पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस पार्टी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत तमाम दिग्गजों ने देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी ।
डिजिटल डेस्क,अमृत विचार: देशभर में भाई दूज का पावन पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस पार्टी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत तमाम दिग्गजों ने देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किया शुभकामना संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने लिखा, "देशभर के मेरे परिवारजनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण एवं प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी की प्रसन्नता और संपन्नता की कामना करता हूँ।" प्रधानमंत्री के इस संदेश के साथ ही दुनियाभर में पर्व का उल्लास और बढ़ गया है।
भाई-बहन के स्नेह, समर्पण और आत्मीयता के प्रतीक पावन पर्व भैया दूज- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाई-बहन के स्नेह, समर्पण और आत्मीयता के प्रतीक पावन पर्व भैया दूज की सभी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। उन्होंने माँ यमुना से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए तथा पारिवारिक संबंधों में प्रेम व विश्वास और सुदृढ़ हो।
राजनीतिक दलों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी पर्व की बधाई
कांग्रेस पार्टी ने दी बधाई
भाई दूज के इस पावन अवसर पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कांग्रेस परिवार की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का यह पर्व सभी के जीवन में खुशियाँ लेकर आए।
इसके साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि परस्पर स्नेह, आदर और रक्षा के संकल्प का यह पर्व हमारे पारिवारिक मूल्यों और मानवीय रिश्तों की नींव को सशक्त बनाता है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति में भाई-बहन का यह अनुपम रिश्ता प्रेम, संरक्षण और परिवार के संस्कारों की सुंदर अभिव्यक्ति है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बहन द्वारा भाई की दीर्घायु की कामना का यह पर्व पारिवारिक रिश्तों में मिठास घोलता है। वहीं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते के सदैव अटूट बने रहने की ईश्वर से प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें:-
