Bareilly News: चौबारी मेले में घोड़ों की टाप से गूंजने लगा नखासा, राजस्थान के व्यापारियों का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

आगरा और बदायूं से पहुंचने लगे घोड़े, 50 हजार से दो लाख रुपये तक कीमत; सफेद नुकरा नस्ल की मांग

बरेली के चौबारी मेले में रामगंगा किनारे लगने वाला घोड़ों का नखासा बाजार सजने लगा है। आगरा और बदायूं समेत आसपास के जिलों से व्यापारी घोड़े लेकर पहुंच रहे हैं। राजस्थान के पुष्कर मेले के बाद बड़ी संख्या में घोड़ों के आने की उम्मीद है।

बरेली, अमृत विचार। रामगंगा नदी के किनारे लगने वाले चौबारी मेले में घोड़ों की टाप और हिनहिनाहट के साथ नखासा बाजार की रौनक बढ़ने लगी है। घोड़ों की खरीद-फरोख्त के लिए व्यापारी अपने घोड़ों के साथ पहुंच रहे हैं तो शौकीन खरीदार भी उनकी नस्ल, रंग और कद-काठी परखने लगे हैं। फिलहाल आगरा और बदायूं समेत आसपास के जिलों से घोड़े पहुंचे हैं। आने वाले दिनों में राजस्थान सहित दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में घोड़ों के आने की उम्मीद है।

नखासा बाजार में पहुंच रहे लोग घोड़ों की चाल, बनावट और नस्ल के बारे में जानकारी ले रहे हैं। कोई उनकी कद-काठी देखकर पसंद कर रहा है तो किसी की नजर खास रंग और नस्ल पर है। मेले में घोड़ों की खरीद-फरोख्त के साथ घुड़दौड़ का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेला शुरू होने के बाद होने वाली इस प्रतियोगिता का लोगों को इंतजार रहता है।

आगरा जिले के बटेश्वर से आए घोड़ा व्यापारी मो. नईम ने बताया कि उनके पास काठियावाड़ी, मारवाड़ी और सिंधी नस्ल के घोड़े हैं। इनकी कीमत 50 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक है। इनमें नुकरा यानी सफेद रंग के घोड़ों को खरीदार अधिक पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घोड़े की नस्ल, शारीरिक बनावट और विशेषताओं के आधार पर उसकी कीमत तय होती है।

कैंट निवासी अशोक कुमार और डोहरा रोड निवासी अजीत प्रताप भी घोड़ों के शौकीन हैं। दोनों नखासा बाजार पहुंचे और यहां आए घोड़ों को करीब से देखा। घोड़ों के रंग और नस्ल को लेकर बाजार में अलग-अलग तरह की पसंद देखने को मिल रही है। इनमें अबलक यानी काला-सफेद, गर्रा यानी नीला, लाल चंपा और पचकलान जैसी किस्मों का भी जिक्र है।

बदायूं से आए व्यापारी मो. वारिस ने बताया कि अभी नखासा में घोड़ों की संख्या कम है। राजस्थान के पुष्कर मेले के बाद वहां से बड़ी संख्या में व्यापारी यहां पहुंचेंगे। इसके बाद बाजार में रौनक और बढ़ेगी। उनके मुताबिक चौबारी मेले में हर साल सैकड़ों की संख्या में विभिन्न नस्लों के घोड़ों की खरीद-फरोख्त होती है।

ये भी पढ़ें- बाल विवाह के खिलाफ उठी बच्चों की आवाज, मुक्त भारत बनाने की ली शपथ

संबंधित समाचार