Bareilly News: ब्याज तो दूर, डूब गई 22 लाख की पूंजी! आरके गोला समेत 19 पर पांच केस

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

आईसीएल कंपनी के चेयरमैन और अन्य पदाधिकारियों पर निवेश की रकम व ब्याज न लौटाने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

बरेली में आईसीएल प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन आरके गोला समेत 19 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बदायूं के एक व्यक्ति ने कंपनी के प्रतिनिधियों पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर करीब 20 से 22 लाख रुपये निवेश कराने और रकम वापस न करने का आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने कार्रवाई की है।

 बरेली, अमृत विचार। मोटे मुनाफे और आकर्षक ब्याज का भरोसा देकर निवेश कराने के बाद रकम लौटाने के आरोपों में आईसीएल प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन आरके गोला की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। कंपनी के चेयरमैन समेत 19 लोगों के खिलाफ एक ही शिकायतकर्ता की ओर से धोखाधड़ी के पांच अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। आरोप है कि कंपनी के संचालकों ने पांच-छह बार में करीब 20 से 22 लाख रुपये निवेश कराए, लेकिन न तो मूलधन लौटाया और न ही वादे के मुताबिक ब्याज दिया। कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

बदायूं के कछला निवासी नरेंद्र सिंह ने कुर्मांचलनगर स्थित आईसीएल कंपनी के चेयरमैन आरके गोला और अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ अदालत में शिकायत की थी। उनका आरोप है कि कंपनी की कई फाइनेंस संबंधी शाखाएं संचालित हैं। कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें निवेश पर मोटा मुनाफा और आकर्षक ब्याज देने का भरोसा दिलाया। इस पर उन्होंने अलग-अलग समय पर कंपनी में रकम जमा की।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, कंपनी के निदेशक दीपक कुमार भटनागर, चेयरमैन आरके गोला, नंदन कुमार, अमित शर्मा, अवधेश कुमार गोला, पुष्पेंद्र, अकील, अनिल कुमार साहू, ओमवीर कश्यप, श्रीराम और जितेंद्र समेत अन्य लोगों ने निवेश के नाम पर उनसे रुपये जमा कराए। आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी उन्हें न तो ब्याज दिया गया और न ही जमा रकम वापस की गई।

नरेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार कंपनी के लोगों से रकम लौटाने का तकादा किया, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। करीब 20 से 22 लाख रुपये वापस नहीं किए गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम मांगने पर आरके गोला समेत अन्य निदेशकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर अदालत में गुहार लगाई। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद प्रेमनगर पुलिस ने पांच अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े- कहीं ढोलक की थाप तो कहीं सिलबट्टे की दुकान, चौबारी मेले में बढ़ने लगी रौनक

संबंधित समाचार