बदल रहा बरेली : फोरलेन से सिक्सलेन तक... बदल रही पीलीभीत रोड की तस्वीर, बीडीए ने तैयार किया करोड़ों का प्लान
बरेली की पीलीभीत रोड को नया स्वरूप देने की तैयारी है। बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक 60 करोड़ से सिक्सलेन निर्माण जारी है, जबकि बैरियर टू से सेटेलाइट तक 7.42 किमी सड़क 62.83 करोड़ से चौड़ी होगी।
बरेली की पीलीभीत रोड पर शहरी विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक 60 करोड़ रुपये से सिक्सलेन सड़क बनाई जा रही है। वहीं, बैरियर टू से सेटेलाइट तक 7.42 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण पर 62.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रमुख चौराहों को नाथ नगरी की थीम पर विकसित करने की भी योजना है।
बरेली, अमृत विचार : बरेली की तस्वीर तेजी से बदल रही है। शहर के विस्तार के साथ विकास की रफ्तार भी बढ़ी है। आवासीय योजनाओं के जरिये नई कॉलोनियां बसाने वाला बीडीए अब सड़कों को नया स्वरूप देने में जुटा है। पीलीभीत रोड इसका बड़ा उदाहरण है। कुछ साल पहले सड़क किनारे खाली जमीन पर गिने-चुने प्रतिष्ठान नजर आते थे, वहां अब बड़े शोरूम, होटल और अस्पताल शहर के विस्तार की कहानी बता रहे हैं। कभी फोरलेन रही इस सड़क को सिक्सलेन कराने का काम बीडीए करा रहा है। इससे पूरे इलाके की पहचान ही बदलने लगी है।
बीडीए अभी बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक सड़क को सिक्सलेन करा रहा है। यह सकड़ पहले फोरलेन थी। बढ़ते यातायात और एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को देखते हुए बीडीए ने करीब 4.86 किमी हिस्से को सिक्सलेन बनाने की परियोजना बीते साल शुरू की थी। इस पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क के चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर, फुटपाथ और अन्य सुविधाओं को भी विकसित किया जा रहा है। सड़क चौड़ी होने के साथ इस मार्ग पर होटल, अस्पताल, शोरूम और कई बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुल चुके हैं। कभी शहर से बाहर जाने के रास्ते के तौर पर पहचानी जाने वाली यह सड़क अब तेजी से विकसित हो रहे कारोबारी क्षेत्र का रूप ले रही है। हालांकि निर्माण के दौरान कई जगह अधूरे काम और यातायात की दिक्कत भी सामने आई है। बीडीए की ओर से निर्माण कार्य पूरा कराने की प्रक्रिया जारी है।
बैरियर टू से सेटेलाइट तक 7.42 किलोमीटर सड़क भी होगी सिक्सलेन
बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक सड़क सिक्सलेन कराने के बाद बीडीए अब बैरियर टू से सेटेलाइट तक 7.42 किलोमीटर सड़क को भी सिक्सलेन कराने की तैयारी में है। इसके लिए 62.83 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। सड़क को दो पैकेज में चौड़ा किया जाएगा। पहले पैकेज में बैरियर टू से सुरेश शर्मा नगर चौराहे तक 3.50 किलोमीटर सड़क पर 30.42 करोड़ और दूसरे पैकेज में सुरेश शर्मा नगर से सेटेलाइट तक 3.92 किलोमीटर सड़क पर 32.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पीडब्ल्यूडी से सड़क हस्तांतरित होने और एनओसी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है। 16 नवंबर को निविदा खोली जाएंगी।
चौराहों पर दिखेगी नाथ नगरी की पहचान
सड़कों के चौड़ीकरण के साथ पीलीभीत रोड के प्रमुख चौराहों का स्वरूप भी बदलने की तैयारी है। बीडीए की योजना के मुताबिक विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहे और सौ फुटा तिराहे को नाथ नगरी की थीम पर विकसित किया जाएगा। इससे सड़क पर आवागमन की सुविधा के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान भी नजर आएगी। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय बताती हैं कि बरेली को नाथ नगरी के रूप में पहचान दिलाने के लिए पहले भी कई प्रमुख स्थलों पर इसी तरह की थीम अपनाई गई है। अब पीलीभीत रोड के चौराहों को भी इसी कड़ी से जोड़ने की तैयारी है।
पीलीभीत रोड पर अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों की बढ़ती संख्या इस क्षेत्र के तेजी से हो रहे विस्तार को दर्शाती है। सिक्सलेन सड़क बनने से जाम की समस्या कम होगी और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचने में मदद मिलेगी। हालांकि, डिवाइडर कट की दूरी ऐसी होनी चाहिए, जिससे मरीजों को अनावश्यक घूमना न पड़े और एंबुलेंस आसानी से निकल सके, डा. विमल भारद्वाज, चिकित्सक।
पीलीभीत रोड पर जिस तेजी से विकास हो रहा है, उससे कारोबार की नई संभावनाएं बनी हैं। सिक्सलेन सड़क बनने से आवागमन बेहतर होगा। एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी भी इस क्षेत्र को खास बना रही है। आने वाले समय में यहां कई बड़े शोरूम खुलने वाले हैं। इससे निवेश और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है ...राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, सदस्य, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड।
पीलीभीत रोड पर सिक्सलेन सड़क बनने से बरेली के विकास को नई गति मिलेगी। इस मार्ग पर पहले से ही बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान विकसित हो रहे हैं। बेहतर कनेक्टिविटी होने से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। आने वाले समय में यहां कारोबार, रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होंगे ... दिनेश गोयल, उद्यमी।
किसी भी शहर की तरक्की में बेहतर सड़कें और कनेक्टिविटी अहम भूमिका निभाती हैं। पीलीभीत रोड का सिक्सलेन होना शहर के विकास के साथ कारोबार के लिहाज से भी अहम है। सड़क चौड़ी होने से ट्रांसपोर्टेशन आसान होगा और माल की आवाजाही में लगने वाला समय घटेगा। इससे कारोबारियों को बड़ी सुविधा होगी... राजेश गुप्ता, उद्यमी।
पीलीभीत रोड अब शहर के प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों में शामिल होती जा रही है। अभी भले ही निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार की वजह से धूल उडने के कारण वाहन चालकों को समस्या हो रही है। लेकिन, सड़क निर्माण पूरा होने के बाद यह समस्या परमानेंट कम होगी। इससे दुकानदारों को भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है ...सचिन पटेल, होटल संचालक।
पीलीभीत रोड पर पिछले कुछ वर्षों में काफी बदलाव आया है। पहले यहां ग्राहकों की आवाजाही सीमित रहती थी, लेकिन अब बड़े शोरूम और प्रतिष्ठान खुलने से रौनक बढ़ी है। सिक्सलेन सड़क बनने के बाद ग्राहकों को आने-जाने में आसानी होगी और स्थानीय दुकानदारों के कारोबार को भी फायदा मिलेगा ...सुनील, स्थानीय व्यापारी।
पीलीभीत रोड पर बढ़ते यातायात और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए सिक्सलेन परियोजना शुरू की गई है। हमारा प्रयास केवल सड़क चौड़ी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे बेहतर यातायात सुविधाओं और सुनियोजित विकास के मॉडल के रूप में तैयार करना है। सिक्सलने के काम की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सैटेलाइट से बैरियर टू चौकी तक प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें नाथ नगरी की थीम पर विकसित करने की योजना है ... सैम्या पांडेय, बीडीए उपाध्यक्ष।
यह भी पढ़ें:-CM योगी का सपा पर हमला, बोले- तब पैसे देने पर मिलती थी नौकरी, प्रतिभाओं को नहीं मिलता था मौका
