Kanpur Sucide: जुएं में रकम हारने पर होमगार्ड के बेटे समेत तीन ने की आत्महत्या
गुजैनी, हनुमंत विहार, सेनपश्चिम पारा और काकादेव थाना क्षेत्र की घटनाएं: पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर की जांच-पड़ताल, शवों को भेजा पोस्टमार्टम
कानपुर में अलग-अलग मामलों में होमगार्ड के बेटे और ट्यूशन टीचर समेत पाँच लोगों ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कानपुर,अमृत विचार: कानपुर महानगर में त्योहार के दिनों में दर्दनाक हादसों और आत्महत्या के कई मामले सामने आए हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में होमगार्ड के बेटे, ट्यूशन टीचर और लिव-इन में रह रही महिला समेत पाँच लोगों ने फाँसी लगाकर अपनी जान दे दी। इन घटनाओं से मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित पहलुओं की गहनता से जाँच की जा रही है।
जुए में रकम और मोबाइल हारने से दो युवकों ने की आत्महत्या
गुजैनी थाना क्षेत्र के बर्रा-8 निवासी होमगार्ड उदयनारायण शर्मा (जो जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात हैं) के 33 वर्षीय बेटे मनोज ने आत्महत्या कर ली। मनोज पेशे से ड्राइवर था। परिजनों के अनुसार, दीपावली के दौरान वह दो दिनों से जुआ खेल रहा था, जिसमें वह काफी रकम हार गया था। भारी आर्थिक नुकसान और हार के तनाव में उसने मंगलवार तड़के घर के ऊपरी कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। गुजैनी थानाप्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
इसी तरह की एक अन्य घटना काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में हुई, जहाँ जुए में नकदी और 22 हजार रुपये का नया मोबाइल हारने के तनाव में 18 वर्षीय अभिषेक ने खुदकुशी कर ली। मूलरूप से गोरखपुर के रामकोला निवासी अभिषेक अपनी माँ शकुंतला और भाइयों के साथ शास्त्रीनगर में रहता था। रविवार रात दीपावली पूजन के बाद वह साथियों के साथ जुआ खेलने गया था, जहाँ वह सब कुछ हार गया। तनाव में आकर उसने घर के पीछे स्थित बगिया में फंदा लगा लिया। काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है।
हनुमंत विहार और सेनपश्चिम पारा में भी दर्दनाक मौतें
हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के गल्लामंडी निवासी जितेंद्र सिंह की 26 वर्षीय बेटी अनामिका बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। सोमवार देर शाम वह घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गईं और काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। जब परिजनों ने ऊपर जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था और खिड़की से झाँकने पर उनका शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट वजह तलाशने में जुटी है।
वहीं, सेनपश्चिम पारा के तौधकपुर में 28 वर्षीय कंचन उर्फ रिया ने फाँसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उसकी शादी छह साल पहले मजदूरी करने वाले राजा से हुई थी और उनकी एक बेटी भी है। थाना प्रभारी मूलचंद्र चौरसिया ने बताया कि परिजन आत्महत्या का स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं, और मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
लिव-इन में रह रही महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
गुजैनी थाना क्षेत्र के मर्दनपुर में एक अन्य मामले में, पाँच साल पहले पति से रिश्ता टूटने के बाद ममेरे भाई के साथ लिव-इन में रह रही 26 वर्षीय सुषमा उर्फ पूनम का शव फंदे से लटका मिला। सचेंडी के रामपुर भीमसेन निवासी उसके पिता रंगीलाल ने आरोप लगाया है कि ममेरे भाई आनंद ने ही गला दबाकर उनकी बेटी की हत्या की है और शव को फंदे पर लटका दिया है। घटना के बाद से आरोपी आनंद फरार है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-
