कानपुर में भाई की हत्या : घर के बाहर लाठी-डंडों से पीटा फिर अंदर ले जाकर ईंट-पत्थर से सिर कुचला, पत्नी और बेटी के साथ दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी बंद कर फेंका शव

Amrit Vichar Network
On

हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजयगांधी नगर की सनसनीखेज घटना: आरोपी प्रियम और उसकी पत्नी गिरफ्तार, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

कानपुर के हनुमंत विहार में मकान के बंटवारे को लेकर छोटे भाई ने पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी। शव खाली प्लॉट में फेंकने वाले आरोपी दंपती गिरफ्तार।

कानपुर,अमृत विचार:  कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत संजयगांधी नगर में संपत्ति (मकान के चार कमरों) के विवाद को लेकर एक खून से सनी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ रविवार रात छोटे भाई ने अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ मिलकर बड़े भाई की लाठी-डंडों से पिटाई करने के बाद ईंट-पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी।

मृतक आनंद का फाइल फोटो

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को पड़ोस के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया और फरार हो गए। मंगलवार सुबह शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

नशे की हालत में हुआ विवाद, घर के अंदर ले जाकर की गई हत्या

संजयगांधी नगर निवासी 40 वर्षीय आनंद सिंह उर्फ रगडू वर्ष 2022 में एक हत्या के मामले में जेल से छूटकर आया था। जेल से बाहर आने के बाद वह अपने पैतृक मकान में छोटे भाई प्रियम सिंह के साथ रह रहा था। प्रियम के परिवार में उसकी पत्नी रानी और 13 वर्षीय बेटी शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि रविवार की रात आनंद और प्रियम दोनों ही नशे की हालत में थे। इसी दौरान मकान के चार कमरों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

shrawasti - 2026-11-11T105002.990
जेल भेजी गई आरोपी प्रियम की पत्नी रानी।
 
घर के बाहर पहले लाठी-डंडों से पीटा फिर अंदर ले जाकर ईंट से सिर कुचला

आरोप है कि प्रियम की पत्नी और बेटी ने भी आनंद को घर के बाहर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद उसे घसीटकर घर के अंदर ले जाया गया, जहाँ प्रियम ने ईंट और पत्थरों से उसका सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने और गुनाह छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को पड़ोस के बाबानगर निवासी सचिन पाल के खाली प्लॉट में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। सोमवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने प्लॉट में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।

shrawasti - 2026-11-11T105130.879
गिरफ्तार आरोपी प्रियम
 
सीसीटीवी कैमरे किए गए बंद

हत्यारोपी प्रियम ने बेहद शातिर तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। भाई की हत्या करने से ठीक पहले उसने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया था, ताकि उसकी करतूत कैमरे में कैद न हो सके। हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने के दौरान भी कैमरे बंद रखे गए।

खोजी कुत्ते की मदद से साक्ष्य जुटाए गए

घटना की सूचना मिलने पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी और एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल फोर्स व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। खोजी कुत्ते की मदद से साक्ष्य जुटाए गए, जो घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक प्राथमिक स्कूल तक गया था। पुलिस ने फुटेज खंगालकर मुख्य आरोपी प्रियम और उसकी पत्नी को दबोच लिया, जबकि नाबालिग बेटी के खिलाफ फिलहाल कोई सीधा साक्ष्य न मिलने की बात कही गई है।

पुलिस की सक्रियता पर सवाल

दूसरी ओर, मोहल्ले के लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मारपीट की घटना होते ही डायल 112 पर सूचना दी गई थी। मौके पर पहुँची पुलिस ने घर का दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, लेकिन अंदर से दरवाजा न खुलने पर पुलिसकर्मी वापस लौट गए। लोगों का मानना है कि यदि पुलिस उस वक्त थोड़ी और सख्ती दिखाती या घर के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लेती, तो शायद आनंद की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस ने पैनल से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मिलीं दो नाबालिग : घर से नाराज होकर बिना बताए निकली थीं दोनों बहनें, GRP ने अभियान मुस्कान के तहत दोनों को किया बरामद

संबंधित समाचार