कर्मचारी के ML पर रहने के दौरान दर्ज की एडवर्स एंट्री: जानिए बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी पर क्यों दर्ज हुई एफआईआर

Amrit Vichar Network
On

प्रयागराज की कर्नलगंज कोतवाली में अदालत के आदेश पर नामजद रिपोर्ट दर्ज: सर्विस बुक में बैक डेट से हेरफेर का आरोप, निदेशक ने कहा- सभी आरोप निराधार

परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में तैनाती के दौरान कर्मचारी की सर्विस बुक में बैक डेट से प्रतिकूल प्रविष्टि करने के मामले में बेसिक शिक्षा निदेशक पर एफआईआर दर्ज हुई है।

डिजिटल डेस्क,अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी (ERA) कार्यालय में सचिव पद पर तैनाती के दौरान एक कर्मचारी की सर्विस बुक में बैक डेट से प्रतिकूल प्रविष्टि (एडवर्स एंट्री) और हेरफेर करने के आरोपों को लेकर यह कानूनी कार्रवाई हुई है। एफआईआर दर्ज होने की खबर से शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।

मेडिकल लीव पर रहने के दौरान बैक डेट से फर्जी एंट्री का आरोप

मामले के शिकायतकर्ता शशि कुमार यादव वर्ष 1995 से 2022 तक परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में कार्यरत रहे। उनकी शिकायत के अनुसार, वे 1 मार्च से 31 मार्च 2021 तक चिकित्सकीय अवकाश (मेडिकल लीव) पर थे, जिसे सक्षम अधिकारी ने 27 जुलाई 2021 को वेतन सहित मंजूर किया था। आरोप है कि जब वे छुट्टी पर थे, तभी 31 मार्च 2021 की तारीख दिखाते हुए उनकी सर्विस बुक में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कर दी गई, जबकि उस दौरान उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई लंबित नहीं थी।

शिकायत में बताया गया है कि 24 जून 2021 को वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय ने तत्कालीन प्रबंध सहायक से मूल सर्विस बुक और व्यक्तिगत फाइल अपने पास मंगवाई थी। उस समय इष्टदेव उपाध्याय केवल क्रय-विक्रय अनुभाग के प्रभारी थे और उनका प्रबंध अनुभाग से कोई लेना-देना नहीं था। दावा किया गया है कि 24 जून तक सर्विस बुक में कोई एडवर्स एंट्री नहीं थी, लेकिन जुलाई में फाइल वापस पहुँचने पर उसमें मार्च की बैक डेट की एंट्री पाई गई।

आरटीआई खुलासे और अधिकारियों का रुख

शिकायतकर्ता का कहना है कि आरटीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिकूल प्रविष्टि का आदेश 9 जुलाई 2021 को जारी हुआ था, लेकिन उस पर तारीख 31 मार्च 2021 की दर्ज थी। आरोप यह भी है कि 15 जून 2021 को शासन से तबादला होने के बावजूद तत्कालीन सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने 29 जून को कार्यभार सौंपा और इसी दौरान सर्विस बुक मंगाकर यह हेरफेर किया गया। कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है।

दूसरी ओर, बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कर्मचारी को नियमानुसार ही प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई थी, इसमें किसी भी तरह की कूटचरित या फर्जीवाड़े की बात पूरी तरह निराधार है।

यह भी पढ़ें:-

UP Education Development: तीन माह के KPI से तय होंगे स्कूल शिक्षा के लक्ष्य, गुणवत्ता सुधारने को लेकर शिक्षा विभाग की बड़ी तैयारी

संबंधित समाचार