Bareilly News: कहीं ढोलक की थाप तो कहीं सिलबट्टे की दुकान, चौबारी मेले में बढ़ने लगी रौनक

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

20 से 28 नवंबर तक चलेगा मेला, ढोलक और सिलबट्टे की दुकानें पहुंचीं; परिवारों के साथ मेले का भ्रमण करने लगे लोग

बरेली में कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा नदी किनारे लगने वाले चौबारी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में दुकानदार पहुंचने लगे हैं। श्रद्धालु रामगंगा में स्नान के साथ मेले का भ्रमण कर रहे हैं।

बरेली, अमृत विचार। कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा नदी के किनारे लगने वाले चौबारी मेले की रौनक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले के लिए मेला ग्राउंड में दुकानदारों का पहुंचना शुरू हो गया है। मुख्य सड़क से लेकर आसपास के क्षेत्रों में दुकानें सजाई जा रही हैं। उधर, कार्तिक माह में गंगा स्नान की परंपरा के चलते श्रद्धालु रोजाना रामगंगा पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
 

रविवार को भी परिवारों के साथ लोग मेले में पहुंचे। ग्रीन पार्क निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वह सेना में कार्यरत हैं। रविवार को अवकाश होने के कारण परिवार के साथ मेला देखने आए हैं। रामगंगा में स्नान करने के बाद उन्होंने मेले का भ्रमण किया।

मेले में इस बार भी रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं की दुकानें सजने लगी हैं। नरियावल से आए एक दुकानदार ने बताया कि वह ढोलक लेकर मेले में पहुंचे हैं। यहां आने वाले लोग वर्षभर इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं खरीदकर ले जाते हैं। ढोलक की भी अच्छी मांग रहती है।

इसके अलावा मेले में सिलबट्टे की दुकानें भी पहुंच गई हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि मेला पूरी तरह सजने के बाद खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ेगी। फिलहाल दुकानें लगाने और मेले को व्यवस्थित करने का काम जारी है।

ये भी पढ़ें-बाल विवाह के खिलाफ उठी बच्चों की आवाज, मुक्त भारत बनाने की ली शपथ

संबंधित समाचार