Lakhimpur Kheri News: बाल विवाह के खिलाफ उठी बच्चों की आवाज, मुक्त भारत बनाने की ली शपथ

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

सखी वन स्टॉप सेंटर में चित्रकला और खेल प्रतियोगिताओं के जरिए किया जागरूक, हस्ताक्षर अभियान में भी लिया हिस्सा

मोहम्मदी के सखी वन स्टॉप सेंटर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बच्चों के लिए चित्रकला और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने बाल विवाह का विरोध करने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए बच्चों ने भी अपनी आवाज बुलंद की। महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर मोहम्मदी में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की शपथ ली। उन्होंने न केवल इस कुरीति का विरोध करने, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान चित्रकला और खेल प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों ने अपनी प्रतिभा भी दिखाई।
 

कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस मौके पर उनके जीवन और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह को याद किया गया। बच्चों ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। युग निर्माण इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सुनीता वर्मा के सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। केंद्र प्रशासक प्रिया तिवारी ने चित्रकला और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराईं।

हस्ताक्षर कर बाल विवाह के विरोध का लिया संकल्प

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान और शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी हुआ। बच्चों को कम उम्र में विवाह से होने वाले व्यक्तिगत और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य की संभावनाओं को प्रभावित करता है। छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह का विरोध करने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

कार्यक्रम में युग निर्माण इंटर कॉलेज की छात्राएं सुशांत, गहमा, रेशमी, आसिया, निहारिका शुक्ला, उर्वी, कुलसुम, हमना, सानिया, रीना, सोनी और सरिता ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर काउंसलर पूनम गंगवार, ऑफिस असिस्टेंट शालिनी सक्सेना, पैरामेडिकल स्टाफ प्रियंका वर्मा, केस वर्कर रंजना देवी, सुरक्षा गार्ड नितिन चंचल, एमटीएस अमर सिंह और महिला आरक्षी मौजूद रहीं।

ये भी पढ़ें- पूर्व विधायक की याद में बनी सड़क, राज्यमंत्री ने किया लोकार्पण

संबंधित समाचार