लखीमपुर खीरी: जनभवन में गूंजे थारू लोकगीत, छात्राओं ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा
जनजातीय गौरव दिवस पर लखीमपुर के दो महाविद्यालयों की छात्राओं को मिला मंच, पारंपरिक नृत्य और गीतों ने मोहा मन
जनजातीय गौरव दिवस पर लखनऊ स्थित जनभवन में युवराज दत्त पीजी कॉलेज और सीजीएन पीजी कॉलेज की थारू छात्राओं ने लोकगीत और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।
युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक नृत्य और लोक कलाओं के माध्यम से थारू जनजाति की समृद्ध परंपराओं को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने छात्राओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव की सराहना की। इस दौरान छात्राओं को जनभवन का भ्रमण भी कराया गया। उन्हें भवन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई।
वहीं, सीजीएन पीजी कॉलेज की तीन छात्राओं राम सनेउ, सरोजनी और अंबिका ने लोकगीत ‘मुरली सुनाओ रे प्यारे’ प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया। बीए पंचम सेमेस्टर की इन छात्राओं ने प्राचार्य प्रो. पंकज सिंह के नेतृत्व में अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकगीत और लोकनृत्य के जरिए जनजातीय परंपराओं की झलक दिखाई।
कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा, युवराज दत्त महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. हेमंत पाल और जनजाति प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रो. ज्योति पंत मौजूद रहीं। प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय परंपराओं, संस्कृति, अस्मिता और विरासत को सम्मान देने का अवसर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को व्यापक मंच देते हैं।
