लखीमपुर खीरी: सवारियां बढ़ीं तो रोडवेज की सात बसों ने खींचे पहिये, कमाई पर लगा ब्रेक
त्योहारी सीजन में बसों की किल्लत, रोजाना 2308 किलोमीटर संचालन प्रभावित; औसत आय 15 हजार से घटकर 12-13 हजार रुपये पर पहुंची
लखीमपुर रोडवेज डिपो की सात बसें खड़ी होने से त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच बसों की कमी हो गई है। रोजाना 2308 किलोमीटर संचालन प्रभावित होने के साथ डिपो की आय में भी गिरावट आई है।
लखीमपुर डिपो में कुल 100 बसें हैं। इनमें 15 निगम और 85 अनुबंधित बसें शामिल हैं। निगम की ओर से प्रत्येक बस के लिए रोजाना संचालन और आय का लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। इसके बावजूद बसों की नियमित देखरेख और समय से मरम्मत न होने के कारण कई बसें संचालन से बाहर हैं। पिछले वर्ष नवंबर में डिपो की बसों का कुल दैनिक संचालन 32,713 किलोमीटर था, जो इस बार घटकर 31,274 किलोमीटर रह गया है। यानी रोजाना 1,439 किलोमीटर संचालन पहले ही कम हो चुका है। वहीं, प्रति बस औसत दैनिक आय भी करीब 15 हजार रुपये से घटकर 12 से 13 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
डिपो प्रशासन के मुताबिक, चार अनुबंधित और एक निगम की बस खराब होने के कारण खड़ी हैं। एक अन्य बस दुर्घटना के बाद पुलिस कस्टडी में है। इसके अलावा यूपी 31 बीटी 1296 नंबर की बस के मालिक ने बस खड़ी होने की सूचना तक नहीं दी। इस तरह सात बसों के संचालन से बाहर होने के कारण रोजाना 2308 किलोमीटर का संचालन प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बस मालिकों को नियमित देखरेख और समय से मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं।
भीड़ बढ़ी तो यात्रियों के लिए कम पड़ने लगीं बसें
त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने से बसों की मांग भी बढ़ गई है। ऐसे में सात बसों के खड़े रहने से डिपो प्रशासन पर अतिरिक्त दबाव है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई बार अतिरिक्त बसें भेजनी पड़ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उपलब्ध बसों से मांग पूरी करने में मुश्किल हो रही है। जिस समय अधिक सवारियां मिलने से डिपो की आय बढ़ सकती थी, उसी समय बसों का संचालन कम होने से कमाई प्रभावित हो रही है।
बस मालिकों को जारी किए जा रहे नोटिस
एआरएम गीता सिंह ने बताया कि चार अनुबंधित और एक निगम की बस खराब होने के कारण खड़ी हैं। एक बस पुलिस कस्टडी में है, जबकि एक अन्य बस के बारे में सूचना नहीं मिली है। सात बसों के खड़े रहने से किलोमीटर का लक्ष्य और आय दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में बस मालिकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
वर्जन....
चार अनुबंधित और एक निगम की बस खराब होने के कारण खड़ी हैं। एक बस पुलिस कस्टडी में है, जबकि एक अन्य बस के बारे में सूचना तक नहीं मिली है। सात बसों के खड़े होने से किलोमीटर का लक्ष्य और आय दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में बस मालिकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। -गीता सिंह, एआरएम।
