देवोत्थानी एकादशी: 20 नवंबर को जागेंगे देव, चार दिन बाद से बजेंगी शहनाइयां

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

देवोत्थानी एकादशी के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य, नवंबर-दिसंबर में विवाह के 11 शुभ मुहूर्त; 16 दिसंबर से लगेगा खरमास

देवोत्थानी एकादशी 20 नवंबर को मनाई जाएगी। इसके बाद विवाह समेत मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त हैं, जबकि 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने पर मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।

बरेली, अमृत विचार। चार माह की योग निद्रा के बाद भगवान विष्णु 20 नवंबर को देवोत्थानी एकादशी पर जागेंगे। इसी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी और घरों में शादी-विवाह की तैयारियां तेज हो जाएंगी। एकादशी के दिन तुलसी विवाह भी किया जाएगा। इस बार नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त बताए गए हैं। हालांकि, मांगलिक आयोजनों का सिलसिला ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण विवाह और अन्य शुभ कार्यों पर फिर विराम लग जाएगा।
 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चार माह की योग निद्रा में चले जाते हैं। कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवोत्थानी एकादशी पर उनके जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की जाती है। शंख और घंटियों की ध्वनि के बीच उन्हें जगाने की परंपरा निभाई जाती है। श्रद्धालु व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और कुशलता की कामना करते हैं। इसी दिन तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है।

देवोत्थानी एकादशी के बाद विवाह समारोहों की रौनक लौटेगी। मांगलिक कार्यक्रमों की तैयारी में जुटे परिवारों ने मैरिज लॉन, टेंट, कैटरिंग और बैंड-बाजे की बुकिंग शुरू कर दी है। वहीं, आयोजन से जुड़े कारोबारियों और कारीगरों को भी काम मिलने की उम्मीद है।

नवंबर-दिसंबर में विवाह के 11 शुभ मुहूर्त

गांधी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोला के संस्कृत शिक्षक आचार्य उद्धव श्याम तिवारी ने बताया कि नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त हैं। नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख को विवाह के योग हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश समेत अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति के बाद खरमास समाप्त होने पर फिर से मांगलिक कार्य शुरू होंगे।

ये भी पढ़ें-जनभवन में गूंजे थारू लोकगीत, छात्राओं ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा

संबंधित समाचार