Kanpur News : कानपुर के पांच मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, दो की मौत; जान बचाने को बालकनी से कूदे लोग
राधिका अपार्टमेंट में तड़के लगी आग से मची अफरातफरी, 10 लोग झुलसे; साड़ी और चादर के सहारे दूसरे मकान में पहुंचे लोग, फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठे सवाल
कानपुर के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से 10 लोग झुलस गए। सीढ़ियों में धुआं भरने के कारण लोगों ने बालकनी से कूदकर और साड़ी-चादर के सहारे दूसरे मकान में पहुंचकर जान बचाई। हादसे के बाद इमारत में अग्निशमन इंतजामों की कमी को लेकर सवाल उठे हैं।
कानपुर, अमृत विचार। फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से 10 लोग झुलस गए। आग ने देखते ही देखते पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। अपार्टमेंट में रहने वाले करीब 50 से 60 लोगों में चीख-पुकार मच गई। सीढ़ियों में धुआं भरने के कारण लोगों के सामने बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। ऐसे में किसी ने बालकनी से साड़ी और चादर के सहारे दूसरे मकान में पहुंचकर जान बचाई तो कोई नीचे कूद गया।
हादसे में पांचवीं मंजिल पर रहने वाले 15 वर्षीय प्रांजुल बाथम की जलकर मौत हो गई। वहीं, तीसरी मंजिल से नीचे उतरने की कोशिश में गिरीं अधिवक्ता जितेंद्र साहू की पत्नी राखी साहू (45) ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। पार्किंग में खड़ी कई स्कूटी और बाइक भी आग की चपेट में आकर जल गईं।
तड़के 4:30 बजे लगी आग, धुएं से भर गईं सीढ़ियां
रामनारायण बाजार स्थित मकान संख्या 9/74 में बने राधिका अपार्टमेंट में कुल 12 फ्लैट हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे इमारत के निचले हिस्से में आग लगी। देखते ही देखते लपटें पूरी बिल्डिंग में फैल गईं। लोग नींद से जागे तो चारों तरफ धुआं और आग दिखाई दी। बाहर निकलने का रास्ता धुएं से भर चुका था।
चीख-पुकार के बीच ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों ने बालकनी से साड़ी और चादर लटकाकर सामने के मकान की दूसरी मंजिल तक पहुंचने की कोशिश की। कुछ लोग धोती के सहारे नीचे उतरे और पटरा लगाकर पड़ोसी मकान की छत पर पहुंचे। वहीं, कई लोग जान बचाने के लिए बालकनी से नीचे कूद गए।
नींद में छत की ओर भागा प्रांजुल, बाद में मिला शव
पांचवीं मंजिल पर रहने वाले अनिल बाथम ने बताया कि उन्होंने तीन साल पहले 25 लाख रुपये में दो बीएचके फ्लैट खरीदा था। परिवार में पत्नी मीता, 15 वर्षीय बेटा प्रांजुल और आठ साल की बेटी गौरी हैं। सुबह करीब चार बजे दरवाजे की घंटी बजने पर उन्होंने दरवाजा खोला तो बाहर आग और धुआं दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद कर दिया।
अनिल के मुताबिक, बेटे को आग लगने की जानकारी दी तो वह नींद में घबराकर छत की ओर भाग गया। परिवार के लोग बालकनी में खड़े रहे, लेकिन धुएं के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। दमकल की गाड़ी पहुंचने के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। बाद में छत पर बेटे का शव मिला। अनिल की पत्नी मीता करीब 40 फीसदी झुलस गई हैं। उन्हें उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
चादर के सहारे उतर रही थीं राखी, घबराहट में छूटा हाथ
तीसरी मंजिल पर रहने वाले अधिवक्ता जितेंद्र साहू ने बताया कि स्कूल की छुट्टी होने के कारण उनके दोनों बच्चे शिवांश और शिवन्या सिविल लाइंस स्थित ननिहाल गए हुए थे। तड़के बाहर से शोर सुनकर उन्होंने खिड़की से देखा तो पूरी बिल्डिंग आग की चपेट में थी।
उन्होंने बक्से से दो चादर निकालीं और पत्नी राखी को लेकर बालकनी में पहुंचे। एक चादर नीचे लटकाकर उन्होंने पत्नी को मजबूती से पकड़ने और घबराने से मना किया। राखी नीचे उतरने लगीं, लेकिन घबराहट में उनका हाथ चादर से छूट गया। वह पहली मंजिल पर रहने वाले वैभव गुप्ता के ऊपर जा गिरीं। सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। उन्हें हैलट अस्पताल के न्यूरो विभाग रेफर किया गया है।
संकरी सड़क पर पांच मंजिला इमारत, फायर सेफ्टी पर उठे सवाल
प्रारंभिक तौर पर इमारत में अग्निशमन इंतजामों की कमी और बिल्डर की लापरवाही की बात सामने आई है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि संकरी सड़क पर पांच मंजिला इमारत का निर्माण कराया गया है। इस संबंध में केडीए के उपाध्यक्ष से बात की गई है। ऐसी इमारतों को चिह्नित कर संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट - ऋषभ तिवारी, कानपुर
यह भी पढ़ें:- UP IAS Transfers : एस. राजलिंगम बने कानपुर के नए मंडलायुक्त, के. विजयेन्द्र पांडियन पहुंचे वाराणसी
